भारत मंडपम शर्टलेस प्रदर्शन: युवा कांग्रेस अध्यक्ष उदय भानु चिब समेत 8 गिरफ्तार, पुलिस ने बताया ‘गहरी साजिश’
युवा कांग्रेस ने इंडिया AI समिट में किया शर्टलेस प्रदर्शन ‘Compromised Prime Minister’ के पोस्टर लगाकर किया विरोध दिल्ली पुलिस ने 8 लोगों को गिरफ्तार कर रिमांड में लिया

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने मंगलवार को बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि इंडिया AI इम्पैक्ट समिट 2026 के दौरान भारत मंडपम में हुए ‘शर्टलेस’ प्रदर्शन के मामले में 8 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार किए गए लोगों में भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब भी शामिल हैं। क्राइम ब्रांच के स्पेशल सीपी देवेश चंद्र श्रीवास्तव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि शुरुआती जांच में इस पूरे घटनाक्रम के पीछे “गहरी साजिश” के संकेत मिले हैं। उन्होंने बताया कि मामले की आगे की जांच अब क्राइम ब्रांच की इंटरस्टेट सेल को सौंप दी गई है और विस्तृत जांच जारी है।
BNS की कई धाराओं में केस दर्ज
पुलिस के मुताबिक 20 फरवरी को समिट के दौरान युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने भारत मंडपम में शर्ट उतारकर प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारियों ने ‘Compromised Prime Minister’ लिखे पोस्टर भी लहराए थे। इस मामले में तिलक मार्ग थाने में BNS की कई धाराओं के तहत FIR दर्ज की गई है। आरोपियों पर 61(2), 121(1), 132, 190, 195(1), 221, 223(A), 196, 197 और 3(5) धाराएं लगाई गई हैं। इनमें धारा 196 (धर्म, जाति, भाषा आदि के आधार पर दुश्मनी फैलाने) को गैर-जमानती बताया गया है।
रिमांड पर लेकर पूछताछ
दिल्ली पुलिस ने सभी 8 आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की है। गिरफ्तार लोगों में युवा कांग्रेस के कई पदाधिकारी शामिल हैं। उदय भानु चिब को गिरफ्तार करने के बाद पटियाला हाउस कोर्ट में पेश किया गया। पुलिस का कहना है कि जांच अभी जारी है और जरूरत पड़ने पर इस मामले में और भी गिरफ्तारियां हो सकती हैं। गौरतलब है कि एक अंतरराष्ट्रीय आयोजन के दौरान हुए इस विरोध प्रदर्शन को लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला था।



