सिंगापुर दौरे पर सीएम योगी, ₹1 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव का दावा
सिंगापुर दौरे पर सीएम योगी का बड़ा निवेश दावा ₹1 लाख करोड़ के प्रस्ताव, ₹60 हजार करोड़ के एमओयू साइन 2029–30 तक यूपी को 1 ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने का लक्ष्य

Up news: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath इन दिनों सिंगापुर और जापान के दौरे पर हैं। सिंगापुर में उन्होंने उद्योग जगत के कई प्रतिनिधियों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश को 2029–30 तक 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य के साथ यह दौरा किया जा रहा है। सीएम योगी ने बताया कि उनके साथ एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी आया है, जो निवेशकों से अलग-अलग सेक्टर में संभावनाओं पर चर्चा कर रहा है। उन्होंने कहा कि पिछले करीब 9 वर्षों में उत्तर प्रदेश में इंफ्रास्ट्रक्चर, लॉजिस्टिक्स, सर्विस और वेलफेयर सेक्टर में काम हुआ है, जिसका असर अब दिखने लगा है।
“निवेश के लिए सुरक्षित है उत्तर प्रदेश”
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है और निवेशकों के लिए माहौल अनुकूल बनाया गया है। उनके मुताबिक, उत्तर प्रदेश में आने वाला निवेश सुरक्षित है और यहां विकास की काफी संभावनाएं हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व का जिक्र करते हुए कहा कि भारत तेजी से बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की ओर बढ़ रहा है और इसी दिशा में उत्तर प्रदेश भी काम कर रहा है।
₹1 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव
सीएम योगी के अनुसार, सिंगापुर में अब तक करीब ₹1 लाख करोड़ के निवेश प्रस्ताव मिले हैं। इनमें से लगभग ₹60 हजार करोड़ के एमओयू ‘इन्वेस्ट यूपी’ टीम के साथ साइन हो चुके हैं। अन्य उद्योग समूहों के साथ बातचीत अभी जारी है। उन्होंने कहा कि ये प्रस्ताव प्रदेश को 1 ट्रिलियन डॉलर की अर्थव्यवस्था बनाने के लक्ष्य की दिशा में अहम कदम साबित होंगे। मुख्यमंत्री का दावा है कि उत्तर प्रदेश अब टेक्नोलॉजी और ट्रस्ट के साथ आगे बढ़ रहा है और देश की अर्थव्यवस्था में ‘ग्रोथ इंजन’ की भूमिका निभा रहा है।



