भारत-न्यूजीलैंड एफटीए पर बड़ी डील के करीब?

भारत और न्यूजीलैंड के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर तेजी से प्रगति हो रही है। रोटोरुआ में हुई चौथे दौर की वार्ता में दोनों पक्षों में सहमति बनी। पीयूष गोयल बोले – “समझौता अब दूर नहीं, व्यापार को मिलेगी नई रफ्तार।”

भारत और न्यूजीलैंड के बीच प्रस्तावित मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) को लेकर चर्चाएं अब अंतिम चरण की ओर बढ़ रही हैं। दोनों देशों ने शुक्रवार को एफटीए वार्ता के चौथे दौर को सफलतापूर्वक पूरा किया और इसे जल्द अंतिम रूप देने पर सहमति जताई। अमेरिका के साथ टैरिफ तनाव के बीच भारत का यह कदम वैश्विक व्यापार नीति में एक अहम संकेत माना जा रहा है।

 

केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने दी जानकारी

वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल न्यूजीलैंड के व्यापार और निवेश मंत्री टॉड मैक्ले से मुलाकात करने रोटोरुआ पहुंचे। गोयल ने एक्स (X) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि भारत-न्यूजीलैंड एफटीए का चौथा दौर मुख्यतः वस्तु बाजार पहुंच, सेवाओं, आर्थिक व तकनीकी सहयोग और निवेश के अवसरों पर केंद्रित रहा। उन्होंने कहा

 

हम भारत और न्यूजीलैंड के बीच बढ़ते रणनीतिक और आर्थिक संगम के अनुरूप एक संतुलित, व्यापक तथा पारस्परिक रूप से लाभकारी समझौते को शीघ्र पूरा करने की दिशा में काम कर रहे हैं।”

 

व्यापारिक संबंधों में तेजी

इस तीन दिवसीय यात्रा के दौरान पीयूष गोयल ने न्यूजीलैंड के उद्योग जगत के दिग्गजों से भी मुलाकात की। उन्होंने बताया कि बातचीत तेजी से आगे बढ़ रही है और जल्द ही इस मुक्त व्यापार समझौते को अंतिम रूप दिया जा सकता है। एफटीए वार्ता 16 मार्च 2025 को औपचारिक रूप से शुरू हुई थी। वित्त वर्ष 2024-25 में भारत-न्यूजीलैंड का द्विपक्षीय व्यापार 1.3 अरब डॉलर तक पहुंच गया, जो पिछले वर्ष की तुलना में लगभग 49% अधिक है।

 

न्यूजीलैंड का औसत आयात शुल्क केवल 2.3 प्रतिशत है। एफटीए लागू होने के बाद दोनों देशों के बीच व्यापार की जाने वाली अधिकतम वस्तुओं पर सीमा शुल्क या तो घटाया जाएगा या पूरी तरह समाप्त कर दिया जाएगा, जिससे वस्तुओं और सेवाओं के आदान-प्रदान को नई रफ्तार मिलने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button