“भारत का दर्द हमारा दर्द”: ईरान ने हॉर्मुज से भारतीय जहाजों को दी सुरक्षित राह

भारत के साथ दोस्ती का संदेश, ईरान ने हॉर्मुज से भारतीय जहाजों को दी सुरक्षित राह अमेरिका पर ईरान का तंज, रूस से तेल को लेकर बदले रुख पर उठाए सवाल मिडिल ईस्ट तनाव के बीच भारत-ईरान रिश्तों का दिखा नया संदेश

तेहरान: सईद अब्बास अरगची ने संयुक्त राज्य अमेरिका पर तीखा हमला बोला है। ईरान के विदेश मंत्री ने कहा कि कुछ समय पहले तक अमेरिका, भारत पर लगातार दबाव डाल रहा था कि वह रूस से तेल खरीदना बंद करे। लेकिन अब ईरान के साथ दो हफ्तों से जारी संघर्ष के बाद वही व्हाइट हाउस पूरी दुनिया से, जिसमें भारत भी शामिल है, रूसी कच्चा तेल खरीदने की अपील कर रहा है। अरगची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा कि अमेरिका महीनों तक भारत को धमकाता रहा कि वह रूस से तेल आयात बंद करे। लेकिन ईरान के साथ जंग शुरू होने के सिर्फ दो हफ्तों में हालात ऐसे हो गए कि अब अमेरिका खुद दुनिया से रूसी तेल खरीदने की गुहार लगा रहा है।

 

यूरोप पर भी साधा निशाना

ईरानी विदेश मंत्री ने इस दौरान यूरोपीय देशों की भी आलोचना की। उन्होंने कहा कि यूरोप ने सोचा था कि ईरान के खिलाफ इस “अवैध युद्ध” का समर्थन करने के बदले अमेरिका, रूस के खिलाफ उनका साथ देगा। लेकिन अब उन्हें निराशा ही हाथ लगी है। अरगची ने इसे बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और दयनीय बताया।

 

भारत के जहाजों को मिली हॉर्मुज से गुजरने की अनुमति

इसी बीच ईरान ने मध्य-पूर्व में तनाव के बावजूद भारत के दो जहाजों को स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज से गुजरने की अनुमति दे दी है। ये दोनों जहाज भारत के झंडे वाले एलपीजी कैरियर बताए जा रहे हैं। इसके अलावा सऊदी अरब के तेल से भरा एक क्रूड ऑयल टैंकर भी हॉर्मुज जलडमरूमध्य पार कर भारत पहुंचने वाला है। भारत में ईरान के राजदूत मोहम्मद फताली ने कहा कि भारत की ओर जाने वाले जहाजों को ईरान सुरक्षित रास्ता देगा। राजदूत ने कहा कि भारत और ईरान पुराने दोस्त हैं और दोनों देशों के साझा हित जुड़े हुए हैं। उनके मुताबिक, “भारत के लोगों का दर्द हमारा दर्द है और हमारा दर्द भारत के लोगों का दर्द है। इसलिए दोनों देशों को एक-दूसरे की मदद करते रहना चाहिए।”

Related Articles

Back to top button