बांग्लादेश में हिंदुओं पर बर्बरता, युवक को जिंदा जलाकर मार डाला
नरसिंहदी जिले में 23 वर्षीय हिंदू युवक को वर्कशॉप में जिंदा जलाकर मार डाला गया CCTV फुटेज में शटर के नीचे से आग लगाते दिखे संदिग्ध, पुलिस जांच जारी बांग्लादेश में हिंदुओं पर बढ़ते हमलों से अल्पसंख्यक समुदाय में दहशत

ढाका: बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदू समुदाय पर अत्याचार की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हैं। नरसिंहदी जिले से एक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 23 वर्षीय हिंदू युवक की कट्टरपंथियों ने जिंदा जलाकर हत्या कर दी। इस घटना के बाद हिंदू समुदाय में भारी आक्रोश और दहशत का माहौल है।
वर्कशॉप में सोते समय जिंदा जलाया गया युवक
मृतक की पहचान चंचल चंद्र भौमिक के रूप में हुई है, जो कुमिला जिले के बरुड़ा उपजिला स्थित लक्ष्मीपुर गांव के निवासी थे। उनके पिता का नाम खोकन चंद्र भौमिक बताया गया है। चंचल नरसिंहदी शहर के पुलिस लाइंस इलाके में ‘खानाबाड़ी मस्जिद मार्केट’ स्थित एक ऑटोमोबाइल वर्कशॉप में मिस्त्री के तौर पर काम करते थे। काम खत्म होने के बाद थकान के कारण वह वर्कशॉप के अंदर ही सो गए थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने शटर के नीचे से आग लगा दी।
ज्वलनशील पदार्थों के कारण तेजी से फैली आग
वर्कशॉप में पेट्रोल, मोबिल ऑयल और अन्य ज्वलनशील पदार्थ मौजूद थे, जिससे आग ने कुछ ही मिनटों में विकराल रूप ले लिया। चंचल को बाहर निकलने का कोई मौका नहीं मिला और दम घुटने के साथ झुलसने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
CCTV फुटेज में दिखे संदिग्ध
स्थानीय लोगों और परिजनों का कहना है कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि पूरी तरह से सुनियोजित हत्या है। घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरों में कुछ संदिग्ध शटर के पास आग लगाते हुए दिखाई दिए हैं।
पुलिस जांच में जुटी, कई टीमें गठित
नरसिंहदी सदर मॉडल थाने के प्रभारी निरीक्षक ए आर एम अल मामून ने बताया कि शव को बरामद कर लिया गया है और CCTV फुटेज को जांच के लिए कब्जे में लिया गया है। दोषियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कई पुलिस टीमें गठित की गई हैं।
हिंदू समुदाय में भय का माहौल
यह घटना बांग्लादेश में हाल के हफ्तों में हिंदुओं पर हुए हमलों की कड़ी में एक और मामला है। इससे पहले मयमेंसिंह में दीपू चंद्र दास समेत अन्य हिंदू नागरिकों की हत्याओं की खबरें सामने आ चुकी हैं, जिससे अल्पसंख्यक समुदाय में डर और असुरक्षा की भावना गहराती जा रही है।



