बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र, कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट
दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में कम दबाव का क्षेत्र तेजी से सक्रिय अगले कुछ दिनों में कई तटीय राज्यों में भारी बारिश की चेतावनी संभावित चक्रवात का नाम ‘सेन्यार’, समुद्र में उग्र परिस्थितियां

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने चेतावनी दी है कि दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी, दक्षिणी श्रीलंका और भूमध्यरेखीय हिंद महासागर के पास निम्न दबाव का क्षेत्र तेजी से सक्रिय हो रहा है। यह सिस्टम अगले 24 घंटों में पश्चिम की ओर, और उसके बाद के 24 घंटों में पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा की ओर बढ़ सकता है। जैसे-जैसे यह प्रणाली मजबूत होगी, इसके प्रभाव से तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पश्चिमी श्रीलंका, मध्य बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में घने बादल छाने और भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। अगर यह सिस्टम और तीव्र होकर चक्रवाती तूफान में बदलता है, तो इसका नाम ‘सेन्यार’ रखा जाएगा, जिसका अर्थ है “शेर”। यह नाम संयुक्त अरब अमीरात द्वारा उत्तरी हिंद महासागर क्षेत्र के लिए तय किए गए नामों की सूची से लिया गया है। IMD के नियमों के अनुसार, चक्रवात का नाम तभी घोषित किया जाता है जब सिस्टम गहरे अवदाब से चक्रवाती तूफान में परिवर्तित हो जाए।
तेज हवाएं और उग्र समुद्री परिस्थितियां
अभी इस क्षेत्र में 20–25 नॉट (लगभग 35–45 किमी/घंटा) की लगातार हवाएं चल रही हैं, जो आगे चलकर 35 नॉट (65 किमी/घंटा) तक जा सकती हैं। अंडमान सागर, मलक्का जलडमरूमध्य, निकोबार द्वीप समूह, मलेशिया और पश्चिमी इंडोनेशिया के पास समुद्र बेहद उग्र बना हुआ है। मछुआरों और नाविकों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।
कहां-कहां बरसेंगे बादल (25 नवंबर – 1 दिसंबर)
भारी बारिश का अलर्ट, तमिलनाडु – 25 से 30 नवंबर, केरल और माहे – 25 व 26 नवंबर, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा – 29 नवंबर से 1 दिसंबर, अंडमान-निकोबार द्वीप समूह – 25 से 29 नवंबर, बहुत भारी बारिश, तमिलनाडु – 28 से 30 नवंबर, अंडमान-निकोबार – 26 और 27 नवंबर, आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा – 30 नवंबर।
हल्की बारिश और बिजली-गरज के आसार
तमिलनाडु – 25 से 29 नवंबर, केरल और माहे – 25–27 नवंबर, लक्षद्वीप – 25 नवंबर, तटीय आंध्र प्रदेश, यनम, रायलसीमा – 28 व 29 नवंबर, अंडमान-निकोबार – पूरे हफ्ते, तेज हवाओं की रफ्तार: 29 नवंबर – 30–40 किमी/घंटा, 25 नवंबर – 40–50 किमी/घंटा, 26–28 नवंबर – 50–60 किमी/घंटा



