प्रतीक यादव ने अपर्णा यादव से तलाक का किया ऐलान, सोशल मीडिया पोस्ट से मचा सियासी हलचल

प्रतीक यादव ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए तलाक का किया ऐलान पत्नी अपर्णा यादव पर परिवार में फूट डालने का लगाया आरोप सियासी और सामाजिक हलकों में बयान के बाद तेज हुई चर्चा

Uttar Pradesh news: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव ने अपनी पत्नी और उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव से तलाक लेने का ऐलान किया है। प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पर एक भावुक पोस्ट साझा करते हुए अपने निजी जीवन में चल रहे तनाव का खुलासा किया।

 

सोशल मीडिया पोस्ट में लगाए गंभीर आरोप

प्रतीक यादव ने पोस्ट में लिखा कि वह जल्द ही अपनी पत्नी से अलग होने जा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अपर्णा यादव ने निजी स्वार्थ और प्रसिद्धि के लिए उनके परिवार में दरार पैदा की। प्रतीक के अनुसार, इस पूरे घटनाक्रम का उनकी मानसिक स्थिति पर गहरा असर पड़ा है और वे काफी परेशान दौर से गुजर रहे हैं।

 

मानसिक तनाव का किया जिक्र

प्रतीक यादव ने अपनी पोस्ट में यह भी कहा कि उनकी मानसिक स्थिति फिलहाल ठीक नहीं है और इसके लिए उन्होंने अपनी पत्नी को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने इसे अपने जीवन का दुर्भाग्यपूर्ण फैसला बताते हुए इस रिश्ते को लेकर गहरी पीड़ा जाहिर की।

 

कारोबारी हैं प्रतीक यादव

गौरतलब है कि अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव पेशे से कारोबारी हैं और फिटनेस सेक्टर से जुड़े हुए हैं। वह लंबे समय से इस क्षेत्र में सक्रिय हैं।

 

2022 में अपर्णा यादव ने जॉइन की थी भाजपा

अपर्णा यादव ने वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता ली थी। इसके बाद वह उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष भी बनीं।

 

योगी आदित्यनाथ से करीबी संबंध

अपर्णा यादव के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के साथ अच्छे संबंध माने जाते रहे हैं। उनके भाजपा में शामिल होने के बाद समाजवादी पार्टी के भीतर असहजता की चर्चाएं भी सामने आई थीं।

 

पहले सामने नहीं आया था वैवाहिक तनाव

हालांकि, अब तक प्रतीक और अपर्णा यादव के वैवाहिक रिश्तों में किसी तरह की खटास सार्वजनिक रूप से सामने नहीं आई थी। यही वजह है कि प्रतीक यादव की यह पोस्ट चौंकाने वाली मानी जा रही है।

 

राजनीतिक और सामाजिक हलकों में हलचल

प्रतीक यादव की सोशल मीडिया पोस्ट सामने आने के बाद राजनीतिक और सामाजिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है। फिलहाल इस पूरे मामले पर अपर्णा यादव की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।

Related Articles

Back to top button