मध्य पूर्व शांति पहल: ट्रंप ने पीएम मोदी को पीस बोर्ड में शामिल होने का दिया न्योता

डोनाल्ड ट्रंप ने पत्र लिखकर मध्य पूर्व में शांति प्रयासों में भारत की भूमिका को अहम बताया गाजा संघर्ष खत्म करने की 20 सूत्रीय योजना को UN सुरक्षा परिषद का समर्थन वैश्विक शांति के लिए अंतरराष्ट्रीय ‘पीस बोर्ड’ के गठन की तैयारी

Donald Trump: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को एक पत्र लिखकर मध्य पूर्व में शांति प्रयासों में भारत को अहम भूमिका निभाने का न्योता दिया है। अपने पत्र में ट्रंप ने कहा कि भारत जैसे जिम्मेदार और प्रभावशाली देश की भागीदारी से वैश्विक शांति को नई दिशा मिल सकती है।

 

ऐतिहासिक शांति पहल में भारत को न्योता

राष्ट्रपति ट्रंप ने लिखा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत गणराज्य के प्रधानमंत्री के रूप में मध्य पूर्व में शांति को मजबूत करने के एक ऐतिहासिक प्रयास में शामिल होने के लिए आमंत्रित करना उनके लिए गर्व की बात है। उन्होंने इसे वैश्विक संघर्षों के समाधान के लिए एक साहसिक और नई सोच करार दिया।

 

गाजा संघर्ष समाप्त करने की 20 सूत्रीय योजना

ट्रंप ने बताया कि 29 सितंबर 2025 को उन्होंने गाजा संघर्ष को समाप्त करने के लिए एक व्यापक योजना की घोषणा की थी। इस योजना में 20 बिंदुओं का रोडमैप शामिल था, जिसे अरब देशों, इजरायल और यूरोप सहित कई प्रमुख वैश्विक नेताओं ने समर्थन दिया।

 

संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद का समर्थन

इस पहल को आगे बढ़ाते हुए 17 नवंबर को संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद ने प्रस्ताव संख्या 2803 को पारित किया, जिसमें इस योजना का स्वागत और समर्थन किया गया।

 

पीस बोर्ड के गठन की तैयारी

पत्र में ट्रंप ने कहा कि अब इस योजना को जमीन पर उतारने का समय आ गया है। इसके तहत एक ‘पीस बोर्ड’ का गठन किया जाएगा, जो अब तक का सबसे प्रभावशाली अंतरराष्ट्रीय मंच होगा। यह बोर्ड एक नए अंतरराष्ट्रीय संगठन और संक्रमणकालीन प्रशासन के रूप में काम करेगा।

 

वैश्विक नेताओं को साथ लाने की पहल

ट्रंप के मुताबिक, यह प्रयास उन प्रतिष्ठित देशों को एक साथ लाएगा जो स्थायी शांति की जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में कई सम्मानित और प्रतिबद्ध वैश्विक नेताओं को इस पहल में शामिल किया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों के लिए सुरक्षित और समृद्ध भविष्य सुनिश्चित किया जा सके।

Related Articles

Back to top button