पीएम मोदी से मिले सीएम योगी, मंत्रिमंडल विस्तार और 2027 चुनाव पर चर्चा

पीएम आवास पर करीब एक घंटे चली मोदी–योगी की अहम बैठक मंत्रिमंडल विस्तार और 2027 चुनावी रणनीति पर हुआ मंथन संगठनात्मक बदलाव और जातिगत बैठकों के बीच बढ़ी सियासी हलचल

Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से प्रधानमंत्री आवास पर मुलाकात की है। करीब एक घंटे तक चली इस मुलाकात को राजनीतिक रूप से काफी अहम माना जा रहा है। सूत्रों के मुताबिक, इस दौरान मंत्रिमंडल विस्तार और 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर विस्तार से मंथन हुआ।

 

एक घंटे चली अहम बैठक

पीएम मोदी और सीएम योगी के बीच हुई इस बैठक के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है। माना जा रहा है कि यूपी की आगामी राजनीतिक रणनीति को लेकर इस बैठक में महत्वपूर्ण संकेत मिले हैं।

 

दिल्ली में बीजेपी के शीर्ष नेताओं से भी मुलाकात

दिल्ली दौरे के दौरान सीएम योगी बीजेपी के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नितिन नबीन और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी मुलाकात करेंगे। इन बैठकों को संगठनात्मक बदलावों और आगामी चुनावी तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है।

 

बीजेपी में हाल के बदलाव बने चर्चा का विषय

बीते कुछ समय में बीजेपी संगठन में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। हाल ही में नितिन नबीन को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनाए जाने से राजनीतिक हलकों में हलचल मची। वहीं उत्तर प्रदेश में पंकज चौधरी को नया प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया, जिनका नामांकन एकमात्र रहा।

 

जातिगत बैठकों से गरमाई यूपी की राजनीति

पार्टी उस वक्त भी सुर्खियों में रही जब बीजेपी के करीब 40 ब्राह्मण विधायक और एमएलसी लखनऊ में पीएन पाठक के आवास पर आयोजित सहभोज में शामिल हुए। इस बैठक को लेकर यूपी से लेकर दिल्ली तक राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं।दरअसल, इससे पहले ठाकुर विधायकों की भी दो बैठकें हो चुकी थीं, जिनमें मंत्री जयवीर सिंह, दयाशंकर सिंह सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल थे। इसके अलावा पूर्व सांसद राजवीर सिंह ‘राजू भैया’ ने लोध समाज के नेताओं का सम्मेलन आयोजित किया था। कुर्मी इंटेलेक्चुअल विचार मंच के बैनर तले भी बीजेपी के कुर्मी विधायकों की बैठक हुई थी, लेकिन तब पार्टी स्तर पर कोई आपत्ति सामने नहीं आई थी।

 

इन्हीं घटनाओं के बीच योगी-मोदी मुलाकात अहम

इन सभी राजनीतिक गतिविधियों और संगठनात्मक हलचलों के बीच सीएम योगी की पीएम मोदी से हुई मुलाकात को बेहद अहम माना जा रहा है। माना जा रहा है कि इस बैठक से यूपी की सियासत को लेकर आने वाले समय में बड़ा संदेश मिल सकता है।

Related Articles

Back to top button