नोएडा श्रमिक आंदोलन: अलर्ट पर सरकार, बातचीत से हल निकालने की कोशिश
DGP-ADG कंट्रोल रूम से कर रहे मॉनिटरिंग, हालात पर कड़ी नजर श्रमिकों से संवाद जारी, बल प्रयोग से बचने के निर्देश सोशल मीडिया पर साजिश बेनकाब, कई फर्जी हैंडल्स पर कार्रवाई

Up news: नोएडा में चल रहे श्रमिक आंदोलन को लेकर उत्तर प्रदेश सरकार और पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। हालात पर कड़ी नजर रखी जा रही है और हर स्तर पर कोशिश की जा रही है कि मामला शांतिपूर्ण तरीके से सुलझे। पुलिस मुख्यालय से लगातार मॉनिटरिंग हो रही है ताकि किसी भी तरह की स्थिति बिगड़ने से पहले ही उसे संभाला जा सके।
टॉप अफसर कंट्रोल रूम से निगरानी में जुटे
डीजीपी Rajeev Krishna और एडीजी (कानून-व्यवस्था) Amitabh Yash खुद कंट्रोल रूम से पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं। मौके पर तैनात अधिकारियों को लगातार निर्देश दिए जा रहे हैं, ताकि हालात नियंत्रण में रहें और किसी तरह की लापरवाही न हो।
बातचीत से हल निकालने पर जोर
सरकार का साफ निर्देश है कि श्रमिकों की समस्याओं का समाधान बातचीत और आपसी समझ से निकाला जाए। इसी के तहत पुलिस, प्रशासन, श्रमिकों और कंपनी प्रबंधन के बीच लगातार बातचीत कराई जा रही है, ताकि एक ऐसा समाधान निकले जो सभी पक्षों के लिए उचित हो।
आम लोगों के लिए रूट डायवर्जन लागू
आंदोलन के चलते लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए कई इलाकों में रूट डायवर्जन लागू किया गया है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें और ट्रैफिक निर्देशों का पालन करें।
संवेदनशीलता के साथ काम कर रही पुलिस
पुलिस इस पूरे मामले में सख्ती के बजाय समझदारी और संवेदनशीलता से काम ले रही है। कोशिश है कि श्रमिकों की बात सुनी जाए और उनकी समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए, ताकि तनाव और न बढ़े।
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था तैनात
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए नोएडा और आसपास के जिलों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थानीय पुलिस के साथ PAC और पैरामिलिट्री फोर्स की कई कंपनियां भी तैनात हैं, ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तुरंत निपटा जा सके।
सोशल मीडिया पर साजिश का खुलासा
पुलिस ने सोशल मीडिया पर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले कुछ हैंडल्स के खिलाफ कार्रवाई की है। दो X (ट्विटर) हैंडल्स पर FIR दर्ज की गई है, जबकि 50 से ज्यादा संदिग्ध बॉट अकाउंट्स की पहचान हुई है, जो भ्रामक जानकारी फैला रहे थे। इस मामले की जांच अब एसटीएफ कर रही है।
स्थिति फिलहाल नियंत्रण में
पुलिस के मुताबिक लगातार निगरानी और सुरक्षा इंतजामों की वजह से स्थिति अभी नियंत्रण में है। लोगों से अपील की गई है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और केवल आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करें।
शाम को हुई हाई लेवल Stitch
शाम 7 बजे डीजीपी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए सभी थाना प्रभारियों और अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने साफ कहा कि श्रमिकों के साथ सहानुभूति रखें, लेकिन अगर कोई तोड़फोड़ या हिंसा करता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
यह भी पढ़ें: होर्मुज स्ट्रेट पर टकराव: अमेरिका-ईरान आमने-सामने, बढ़ा युद्ध का खतरा



