नीदरलैंड में क्रिसमस परेड के दौरान हादसा, भीड़ में घुसी कार; 9 लोग घायल

क्रिसमस परेड देखने जुटी भीड़ में अचानक कार घुसने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में 9 लोग घायल हुए, जिनमें 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने घटना को हादसा बताया है, मामले की गहन जांच जारी है।

Netherlands: नीदरलैंड में सोमवार को क्रिसमस परेड देखने के लिए जमा लोगों की भीड़ में अचानक एक कार घुस गई। इस हादसे में कम से कम 9 लोग घायल हो गए, जिनमें से 3 की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। गेल्डरैंड पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में यह घटना जानबूझकर की गई नहीं लगती, हालांकि सभी पहलुओं से मामले की जांच की जा रही है। सूचना मिलते ही पुलिस और अन्य आपातकालीन सेवाएं मौके पर पहुंचीं और घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

 

हादसे के बाद का वीडियो आया सामने

घटना के बाद का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में देखा जा सकता है कि मौके पर फर्स्ट रिस्पॉन्डर्स मौजूद हैं और एक छोटी कार खेत में खड़ी है। कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त है और उसका बोनट खुला हुआ है। आसपास लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है, जो घटना के बाद स्थिति को समझने और मदद करने की कोशिश कर रहे हैं।

 

एहतियातन रोक दी गई क्रिसमस परेड

यह हादसा एम्स्टर्डम से करीब 80 किलोमीटर पूर्व स्थित नन्सपीट शहर में हुआ। यहां लोग क्रिसमस लाइट्स से सजी गाड़ियों की परेड देखने के लिए जमा हुए थे। घटना के तुरंत बाद एल्बर्ग सिटी प्रशासन ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि परेड को एहतियातन रोक दिया गया है।

 

महिला चला रही थी कार, हिरासत में लिया गया

नन्सपीट शहर के मेयर जान नाथन रोजेंडाल ने घटना पर दुख जताते हुए कहा, “जो पल खुशी और एकजुटता का होना चाहिए था, वह चिंता और दुख में बदल गया।” पुलिस के मुताबिक, कार 56 वर्षीय स्थानीय महिला चला रही थी। महिला को मामूली चोटें आई हैं और सामान्य प्रक्रिया के तहत उसे हिरासत में लिया गया है। पुलिस ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों से पूछताछ की जा रही है और उपलब्ध वीडियो फुटेज की भी गहन जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button