धार में बोर्ड परीक्षा के दौरान छात्रा ने दिया बच्चे को जन्म, स्कूल में मचा हड़कंप

बोर्ड परीक्षा के दौरान 10वीं की छात्रा ने बाथरूम में दिया बच्चे को जन्म। गणित के पेपर के बीच हुई घटना से स्कूल में मचा हड़कंप। जच्चा-बच्चा सुरक्षित, पुलिस ने आरोपी युवक की तलाश शुरू की।

Mp news: मध्य प्रदेश के पीथमपुर (जिला धार) से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है। सेक्टर-1 थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित एक निजी स्कूल में 10वीं की बोर्ड परीक्षा दे रही 17 वर्षीय छात्रा ने परीक्षा के दौरान ही बाथरूम में बच्चे को जन्म दे दिया। घटना के बाद स्कूल परिसर में अफरा-तफरी मच गई।

 

गणित का पेपर दे रही थी छात्रा

जानकारी के मुताबिक, छात्रा गणित का पेपर दे रही थी। परीक्षा के दौरान उसने शौचालय जाने की अनुमति मांगी और अपनी सीट से उठ गई। काफी देर तक वापस न आने पर स्कूल स्टाफ को शक हुआ। जब एक महिला कर्मचारी बाथरूम तक पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था और अंदर से नवजात के रोने की आवाज सुनाई दे रही थी। स्कूल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी।

 

जच्चा-बच्चा दोनों सुरक्षित

मौके पर पहुंची एंबुलेंस की मदद से छात्रा और नवजात को पीथमपुर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। डॉक्टरों ने बताया कि मां और बच्चा दोनों स्वस्थ हैं और फिलहाल चिकित्सकीय निगरानी में हैं।

 

दो साल से संपर्क में था युवक

सेक्टर-1 थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक पूछताछ में छात्रा ने बताया कि वह पिछले दो साल से कान्हा बर्मन नाम के युवक के संपर्क में थी। पिछले एक साल से दोनों के बीच संबंध थे, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई। हैरानी की बात यह है कि परिजनों को उसकी गर्भावस्था की जानकारी नहीं थी। पुलिस ने छात्रा के बयान के आधार पर संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर लिया है और आरोपी युवक की तलाश जारी है। यह घटना कई सवाल खड़े करती है नाबालिगों की सुरक्षा, जागरूकता और परिवार की जिम्मेदारी को लेकर।

Related Articles

Back to top button