दूसरी शादी को लेकर विवादों में घिरे बीजेपी विधायक हिरण चटर्जी, पहली पत्नी ने दर्ज कराई शिकायत
वाराणसी में दूसरी शादी के बाद बढ़ा विवाद बिना तलाक शादी का आरोप, पुलिस में शिकायत बेटी का भावुक पोस्ट, तस्वीरें हटाईं गईं

West bengal news: पश्चिम बंगाल के खड़गपुर सदर से बीजेपी विधायक और टॉलीवुड अभिनेता हिरण चटर्जी एक बार फिर सुर्खियों में हैं, लेकिन इस बार वजह उनकी फिल्म नहीं बल्कि निजी जिंदगी है। हिरण चटर्जी की दूसरी शादी की तस्वीरें सामने आने के बाद मामला अब कानूनी विवाद में बदलता नजर आ रहा है।
वाराणसी में रचाई दूसरी शादी, तस्वीरें हुईं वायरल
सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में हिरण चटर्जी को 21 वर्षीय मॉडल रितिका गिरी के साथ वाराणसी के गंगा घाट पर पारंपरिक रीति-रिवाजों से विवाह करते देखा गया। तस्वीरें वायरल होते ही टॉलीवुड से लेकर बंगाल की राजनीति तक चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
बिना तलाक दूसरी शादी का आरोप
विवाद उस समय और गहरा गया जब हिरण चटर्जी की पहली पत्नी अनिंदिता चटर्जी ने सार्वजनिक तौर पर दावा किया कि उनका अब तक कानूनी रूप से तलाक नहीं हुआ है। अनिंदिता का कहना है कि हिरण ने तलाक की प्रक्रिया पूरी किए बिना ही दूसरी शादी कर ली, जबकि दोनों अब भी कानूनी रूप से पति-पत्नी हैं। दोनों की एक 19 साल की बेटी भी है।
पुलिस स्टेशन पहुंचा मामला
मामले ने बुधवार रात कानूनी मोड़ ले लिया, जब अनिंदिता चटर्जी ने कोलकाता के आनंदपुर पुलिस स्टेशन में हिरण चटर्जी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
बेटी का भावुक पोस्ट
इस बीच हिरण की बेटी नियासा ने सोशल मीडिया पर अपनी मां के समर्थन में एक भावुक पोस्ट साझा किया। उन्होंने अपनी मां को अपना “असली हीरो” बताते हुए लिखा कि मां ने ही अकेले माता-पिता दोनों की जिम्मेदारी निभाई है।
शादी की तस्वीरें डिलीट, बयान नहीं
विवाद बढ़ने के बाद हिरण चटर्जी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट से शादी की सभी तस्वीरें हटा ली हैं। हालांकि, अब तक उन्होंने न तो पुलिस शिकायत पर और न ही पहली पत्नी के आरोपों पर कोई आधिकारिक बयान जारी किया है।



