दिल्ली के चांदनी चौक में भीषण आग, एक ही दिन में आग की चौथी बड़ी घटना

दिल्ली के चांदनी चौक में भीषण आग से इलाके में मचा हड़कंप मुस्तफाबाद में आग लगने से युवक की मौत, भाई झुलसा एक ही दिन में राजधानी में आग की चार बड़ी घटनाएं

Delhi: दिल्ली के मशहूर चांदनी चौक इलाके के कूचा रहमान में शुक्रवार को भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। जिस इमारत में आग लगी, उसके नीचे दुकानें हैं और ऊपर लोग रहते हैं। आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 5 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। खबर लिखे जाने तक आग पर काबू पाने की कोशिशें जारी थीं। राहत की बात यह है कि फिलहाल किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि भारी नुकसान की आशंका जताई जा रही है।

 

मुस्तफाबाद में आग से युवक की मौत, भाई झुलसा

चांदनी चौक की घटना के साथ ही यह राजधानी में एक ही दिन में आग लगने की चौथी बड़ी घटना है। इससे पहले शुक्रवार सुबह उत्तर-पूर्वी दिल्ली के मुस्तफाबाद इलाके में आग लगने से 20 वर्षीय युवक जुनैद की मौत हो गई, जबकि उसका बड़ा भाई समीर गंभीर रूप से झुलस गया। आग चार मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर लगी थी। दमकल विभाग को सुबह 6:24 बजे सूचना मिली, जिसके बाद 5 दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। दोनों भाइयों को GTB अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जुनैद को मृत घोषित कर दिया, जबकि समीर को इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने बताया कि मामले की गहन जांच के लिए टीम गठित कर दी गई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में BNS की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

 

मुनिरका में बिजली के मीटरों में लगी आग

आग की दूसरी घटना दक्षिण दिल्ली के मुनिरका इलाके में सामने आई। यहां सुबह करीब 10:32 बजे एक घर में लगे बिजली के 8 मीटरों में आग लग गई। दमकल की गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं और करीब 10 मिनट में आग पर काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।

 

बिंदापुर में ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन में आग

दिल्ली में आग की तीसरी घटना सुबह 10:57 बजे दक्षिण-पश्चिम दिल्ली के बिंदापुर इलाके में हुई। यहां एक ई-रिक्शा चार्जिंग स्टेशन में आग लग गई। दमकल विभाग के अनुसार, समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। इस घटना में भी कोई हताहत नहीं हुआ और आग लगने के कारणों का पता लगाया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button