थाईलैंड–कंबोडिया सीमा पर फिर भड़की झड़प, शांति वार्ता के बीच टूटा सीजफायर

शांति वार्ता के बीच थाईलैंड–कंबोडिया सीमा पर फिर गोलाबारी एफ-16 हमले का आरोप, दोनों देश एक-दूसरे पर सीजफायर तोड़ने का दोष तनाव बढ़ा, थाईलैंड ने पूरी जंग की चेतावनी दी

Combodia: थाईलैंड और कंबोडिया के बीच सीमा विवाद एक बार फिर हिंसक रूप ले चुका है। शुक्रवार को दोनों देशों की सेनाओं के बीच फिर से झड़प हुई, जबकि उसी समय शांति बहाली के लिए बातचीत भी चल रही थी। करीब पांच महीने पुराना सीजफायर टूटने के बाद सीमा पर तनाव लगातार बढ़ता जा रहा है। कंबोडिया के रक्षा मंत्रालय ने आरोप लगाया है कि थाईलैंड ने एफ-16 लड़ाकू विमानों से उसके उत्तर-पश्चिमी प्रांत बांटेय मीनचे के एक गांव पर लगभग 40 बम गिराए। फिलहाल किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन कई घरों और संपत्तियों को भारी नुकसान पहुंचने की बात कही गई है।

 

थाईलैंड ने कार्रवाई को बताया आत्मरक्षा

थाईलैंड ने हवाई हमले की पुष्टि करते हुए कहा कि सेना और वायुसेना की संयुक्त कार्रवाई देश की सुरक्षा के लिए जरूरी थी। थाई अधिकारियों के मुताबिक, के सा केओ प्रांत की रक्षा के लिए यह कदम उठाया गया, जो बांटेय मीनचे से सटा हुआ है। इस इलाके को लेकर दोनों देशों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा है। गौरतलब है कि जुलाई के अंत में यह तनाव खुली लड़ाई में बदल गया था। मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम की मध्यस्थता और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के दबाव के बाद पांच दिन की लड़ाई के बाद दोनों देशों ने एक अस्थिर सीजफायर पर सहमति जताई थी। हालांकि, अब दोनों पक्ष एक-दूसरे पर सीजफायर तोड़ने का आरोप लगा रहे हैं।

 

थाईलैंड की चेतावनी—पूरी तरह जंग में उतर सकते हैं

थाई वायुसेना के प्रवक्ता एयर मार्शल जैकक्रिट थम्माविचाई ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर कंबोडिया सीजफायर को लेकर ईमानदार नहीं रहता, तो शांति संभव नहीं होगी। उन्होंने साफ कहा कि अपनी संप्रभुता की रक्षा के लिए थाईलैंड को पूरी तरह जंग में उतरना पड़ सकता है। इसी बीच, दोनों देशों के सैन्य अधिकारी जनरल बॉर्डर कमिटी की बैठक में शामिल हैं। यह बैठक कंबोडिया के पैलिन प्रांत और थाईलैंड के चंथाबुरी प्रांत के बीच एक सीमा चौकी पर हो रही है। बैठक शनिवार को समाप्त होने की उम्मीद है, जिसके बाद दोनों देशों के रक्षा मंत्री किसी अंतिम समझौते पर पहुंच सकते हैं।

 

अब तक भारी जानमाल का नुकसान

थाई प्रधानमंत्री अनुटिन चार्नवीराकुल ने कहा है कि थाईलैंड 72 घंटे के सीजफायर की उम्मीद कर रहा है। उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगर सीजफायर सफल रहा, तो थाईलैंड कंबोडियाई युद्धबंदियों को वापस भेजने पर विचार कर सकता है। आधिकारिक आंकड़ों के मुताबिक, 7 दिसंबर से अब तक थाईलैंड ने इस संघर्ष में 26 सैनिक और एक नागरिक को खोया है। इसके अलावा, संघर्ष से जुड़े अन्य घटनाक्रमों में 44 नागरिकों की मौत हुई है। कंबोडिया ने अपने सैनिकों के नुकसान की संख्या सार्वजनिक नहीं की है, लेकिन दावा किया है कि उसके 30 नागरिक मारे गए हैं और 90 से ज्यादा घायल हुए हैं।

Related Articles

Back to top button