दिल्ली के उत्तम नगर में कड़ी सुरक्षा के बीच सादगी से मनाई गई ईद

उत्तम नगर में कड़ी सुरक्षा के बीच शांतिपूर्ण ईद लोगों ने पुलिस पर फूल बरसाकर जताया आभार तनाव के बावजूद भाईचारे का दिखा संदेश

New delhi: दिल्ली के उत्तम नगर में करीब दो हफ्ते पहले हुई झड़प और एक युवक की मौत के बाद बने तनावपूर्ण माहौल के बीच शनिवार को ईद-उल-फितर सादगी और शांति के साथ मनाई गई। इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। अतिरिक्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग और हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही थी। इसके बावजूद लोगों ने अमन और भाईचारे की दुआ के साथ नमाज अदा की।

 

पुलिस पर बरसाए फूल, जताया आभार

ईद के मौके पर स्थानीय लोगों ने एक खास पहल करते हुए पुलिस और RAF जवानों पर फूल बरसाए। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में कुछ लोग फूलों की पंखुड़ियों से भरा बैग लेकर सुरक्षाकर्मियों पर फूल बरसाते नजर आ रहे हैं। इस दौरान उन्होंने पुलिस के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि सुरक्षा व्यवस्था बहुत अच्छी रही और पुलिस ने पूरा साथ दिया।

 

होली के विवाद के बाद बढ़ा था तनाव

गौरतलब है कि इसी महीने होली के दौरान पानी के गुब्बारों को लेकर हुए विवाद में 26 वर्षीय एक हिंदू युवक की मौत हो गई थी। इस घटना के बाद से उत्तम नगर और आसपास के इलाकों में तनाव का माहौल बना हुआ था, जिसे देखते हुए प्रशासन ने ईद पर कोई जोखिम नहीं लिया।

 

हर एंट्री पॉइंट पर सख्त जांच

स्थिति को नियंत्रित रखने के लिए इलाके के सभी एंट्री और एग्जिट पॉइंट्स पर बैरिकेडिंग की गई थी। पुलिस द्वारा पहचान पत्रों की जांच के बाद ही लोगों को आने-जाने की अनुमति दी जा रही थी। कुछ संवेदनशील इलाकों में सिर्फ स्थानीय लोगों को ही प्रवेश दिया गया, जबकि बाहरी लोगों की आवाजाही पर रोक रखी गई। प्रशासन का उद्देश्य साफ था किसी भी हालत में शांति और सुरक्षा बनी रहे।

Related Articles

Back to top button