तेहरान में बढ़ते तनाव के बीच भारतीयों के लिए एडवाइजरी, तुरंत देश छोड़ने की सलाह
ईरान में बढ़ते तनाव के बीच भारत की सख्त एडवाइजरी तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने को कहा अमेरिका-ईरान टकराव की आशंका के बीच हालात पर करीबी नजर

तेहरान: ईरान की राजधानी तेहरान में हालात तेजी से बदल रहे हैं। इसी बीच तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने वहां रह रहे भारतीय नागरिकों के लिए सख्त एडवाइजरी जारी की है। दूतावास ने साफ शब्दों में कहा है कि सभी भारतीय किसी भी हालत में आज ही ईरान छोड़ दें। इस चेतावनी के बाद क्षेत्र में अमेरिका-ईरान तनाव को लेकर अटकलें और तेज हो गई हैं।
क्या कहा भारतीय दूतावास ने?
तेहरान में स्थित भारतीय दूतावास, तेहरान ने 23 फरवरी को जारी अपनी एडवाइजरी में बताया कि 5 जनवरी 2026 को भारत सरकार की ओर से जारी पूर्व चेतावनी के क्रम में और मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है। दूतावास ने कहा है कि ईरान में मौजूद सभी भारतीय नागरिक चाहे वे छात्र हों, तीर्थयात्री, व्यापारी या पर्यटक उपलब्ध परिवहन साधनों जैसे व्यावसायिक उड़ानों या अन्य माध्यमों से तुरंत देश छोड़ दें। दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि हालात को देखते हुए देरी करना जोखिम भरा हो सकता है, इसलिए सभी भारतीय नागरिक बिना समय गंवाए सुरक्षित स्थान के लिए रवाना हो जाएं।



