झांसी दौरे पर अखिलेश यादव का केंद्र और राज्य सरकार पर हमला, NSG सुरक्षा हटाने पर उठाए सवाल

झांसी दौरे पर अखिलेश यादव का बीजेपी सरकार पर सीधा हमला NSG सुरक्षा हटाने पर उठाए सवाल, कहा– सुरक्षा से हो रही है राजनीति शंकराचार्य, माघ मेला और बुलडोजर कार्रवाई को लेकर भी सरकार को घेरा

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने झांसी के एक दिवसीय दौरे के दौरान बीजेपी नीत केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने अपनी NSG सुरक्षा हटाए जाने के फैसले पर सरकार की मंशा पर सवाल उठाए। अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी सरकार सुरक्षा जैसे गंभीर विषय पर भी राजनीति कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस तरह राहुल गांधी की SPG सुरक्षा हटाई गई, उसी तरह उनकी NSG सुरक्षा भी वापस ले ली गई। उन्होंने कहा कि सरकार को सार्वजनिक रूप से स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर उनकी सुरक्षा क्यों हटाई गई।

 

“पूर्व मुख्यमंत्री को निर्धारित सुरक्षा मिलनी चाहिए”

सपा मुख्यालय से जारी बयान के मुताबिक अखिलेश यादव ने कहा कि एक पूर्व मुख्यमंत्री के लिए जो सुरक्षा प्रोटोकॉल तय है, वह मिलना ही चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार अक्सर यह गिनाने लगती है कि कितने गार्ड, कितने ड्राइवर या कितने गेट खोलने वाले तैनात हैं, लेकिन असली सवाल यह है कि प्रोटोकॉल के मुताबिक सुरक्षा दी जा रही है या नहीं।

 

शंकराचार्य और बटुकों के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा

अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर “सबका अपमान” करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि शंकराचार्य का अपमान किया गया और प्रयागराज माघ मेले में बटुकों के साथ भी दुर्व्यवहार हुआ। उन्होंने एक उपमुख्यमंत्री पर निशाना साधते हुए पूछा कि जब बटुकों का अपमान हो रहा था, तब वे कहां थे। उन्होंने कहा कि अगर किसी से गलती हो जाए तो माफी मांग लेना चाहिए, क्योंकि माफी मांगना साहस का काम है। अखिलेश ने कहा कि माघ मेले की घटना पर मुख्यमंत्री को माफी मांगनी चाहिए थी।

 

“योगी वह जो दूसरों का दुख समझे”

अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि योगी वह होता है जो दूसरों के दुख को अपना दुख समझे, लेकिन मौजूदा सरकार लोगों को दुखी देखकर खुश होती है। उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई का जिक्र करते हुए कहा कि जब किसी का घर गिरता है तो उसे उपलब्धि की तरह पेश किया जाता है।

Related Articles

Back to top button