सारंडा जंगल में IED विस्फोट: CoBRA के दो जवान घायल, एक की हालत गंभीर
सारंडा जंगल में IED विस्फोट, CoBRA के दो जवान घायल नक्सल विरोधी अभियान के दौरान हुआ बड़ा धमाका गंभीर हालत में जवान को रांची एयरलिफ्ट किया गया

Jharkhand news: झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान शनिवार को बड़ा हादसा हो गया। सारंडा के घने जंगलों में सर्च ऑपरेशन के समय नक्सलियों द्वारा बिछाए गए IED में विस्फोट हो गया, जिसकी चपेट में आकर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) की 209 CoBRA बटालियन के दो जवान घायल हो गए। इनमें से एक जवान की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कहां और कैसे हुआ विस्फोट?
घटना छोटा नगरा थाना क्षेत्र के चदरी डेरा गांव के पास हुई। पुलिस और CRPF की संयुक्त टीम इलाके में प्रतिबंधित संगठन भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (माओवादी) के उग्रवादियों के खिलाफ तलाशी अभियान चला रही थी। इसी दौरान जवानों का पैर पहले से छिपाकर रखे गए प्रेशर IED पर पड़ गया, जिससे जोरदार धमाका हुआ।
घायल जवानों को एयरलिफ्ट किया गया
विस्फोट के तुरंत बाद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। घायल जवानों को जंगल से सुरक्षित बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार दिया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए दोनों को हेलीकॉप्टर के जरिए रांची एयरलिफ्ट किया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी है और कॉम्बिंग ऑपरेशन तेज कर दिया है। अधिकारियों का मानना है कि हालिया अभियानों में मिली सफलता से बौखलाए नक्सली अब IED के जरिए सुरक्षा बलों को निशाना बना रहे हैं। प्रशासन ने स्थानीय ग्रामीणों से अपील की है कि वे बिना वजह जंगल के अंदरूनी इलाकों में न जाएं और किसी भी संदिग्ध वस्तु की सूचना तुरंत पुलिस को दें।



