जापान-सिंगापुर दौरे पर जाएंगे सीएम योगी, अखिलेश यादव ने कसा तंज

सीएम योगी का 22 फरवरी से जापान-सिंगापुर दौरा अखिलेश यादव ने क्योटो जाने की दी सलाह मैग्लेव ट्रेन का लेंगे अनुभव, निवेश पर रहेगा फोकस

Up news, लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी से सिंगापुर और जापान के विदेश दौरे पर जा रहे हैं। इस दौरे के दौरान उनका फोकस प्रदेश में बड़े पैमाने पर विदेशी निवेश लाने पर रहेगा। सरकार की योजना है कि उत्तर प्रदेश को देश के अगले औद्योगिक पावरहाउस के रूप में वैश्विक मंच पर पेश किया जाए। इस बीच, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर तंज कसा है।

 

क्योटो जाने की दी सलाह

सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट साझा करते हुए मुख्यमंत्री को जापान के क्योटो शहर जाने की सलाह दी। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि जापान जा रहे हैं तो क्योटो भी जरूर जाएं, ताकि यह समझ सकें कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र काशी को क्योटो जैसा क्यों नहीं बनाया जा सका और उसकी विरासत किस तरह प्रभावित हुई। उन्होंने यह भी कहा कि जापान से विरासत संरक्षण और आधुनिक शहरी विकास का सकारात्मक सबक लेकर लौटना चाहिए। अखिलेश यादव ने आगे तंज कसते हुए कहा कि कार्यकाल के अंतिम वर्ष में इस तरह के दौरे से कितना अध्ययन हो पाएगा और कितनी योजनाएं बन सकेंगी, यह देखने वाली बात होगी। उन्होंने इस यात्रा को ‘मनसुख-पर्यटन’ तक करार दिया।

 

मैग्लेव ट्रेन का लेंगे अनुभव

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 22 फरवरी से शुरू हो रहे अपने जापान दौरे के दौरान अत्याधुनिक मैग्लेव ट्रेन में भी सफर करेंगे। करीब 600 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली यह ट्रेन पटरी से ऊपर हवा में तैरते हुए चलती है, जिसे भविष्य की रेल तकनीक माना जा रहा है। इसके अलावा मुख्यमंत्री जापान और सिंगापुर में निवेशकों के सामने उत्तर प्रदेश में औद्योगिक विकास से जुड़े कई प्रस्ताव भी पेश करेंगे। जानकारी के मुताबिक, ग्रेटर नोएडा के पास ‘जापान सिटी’ और ‘सिंगापुर सिटी’ विकसित करने की योजना भी इस दौरे में प्रस्तुत की जा सकती है। इसके लिए सेक्टर 5ए और सेक्टर 7 में करीब 500 एकड़ जमीन औद्योगिक शहरों के विकास हेतु आवंटित करने का प्रस्ताव शामिल है। यह दौरा प्रदेश में आधुनिक परिवहन ढांचे और औद्योगिक निवेश को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button