झांसी में छोटे भाई ने बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर घर में दफनाया शव

झांसी में परिवारिक विवाद ने लिया खौफनाक मोड़ छोटे भाई ने बड़े भाई की हत्या कर घर में दफनाया शव पुलिस जांच में हुआ खुलासा, आरोपी गिरफ्तार

Up news: उत्तर प्रदेश के झांसी जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है जिसने रिश्तों को झकझोर कर रख दिया है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के बिहारीपुरा इलाके में छोटे भाई ने अपने ही बड़े भाई की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। हत्या के बाद उसने शव को घर के पीछे गड्ढा खोदकर दफना दिया और पुलिस को गुमराह करने के लिए खुद ही भाई की गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज करा दी।

 

नींद में खलल बनी हत्या की वजह

जानकारी के मुताबिक, बिहारीपुरा निवासी मुसर्रिक बेग अपने बड़े भाई तारिक, मां और पत्नी के साथ रहता था। तारिक अविवाहित था। मुसर्रिक शिक्षा विभाग में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी है और उसे यह नौकरी पिता की मृत्यु के बाद अनुकम्पा के आधार पर मिली थी। बताया जा रहा है कि 10 फरवरी को घर में मां बाहर गई हुई थीं और पत्नी मायके में थी। इसी दौरान सुबह के समय ऊपरी मंजिल पर रहने वाला तारिक चाय बनाने के लिए नीचे आया और छोटे भाई के कमरे की कुंडी खटखटा दी। इसी बात को लेकर दोनों भाइयों के बीच विवाद शुरू हो गया।

 

कुल्हाड़ी से किया सिर पर वार

आरोपी के अनुसार, विवाद बढ़ने पर तारिक ने चाकू उठा लिया। इस पर गुस्से में आकर मुसर्रिक ने कुल्हाड़ी से उसके सिर पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से तारिक की मौके पर ही मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी ने घर के पीछे गड्ढा खोदकर शव को दफना दिया। जब मां ने तारिक के बारे में पूछा तो वह टालमटोल करता रहा और बाद में खुद ही भाई की गुमशुदगी की सूचना पुलिस को दे दी।

 

मामा के शक पर खुला राज

तारिक के अचानक लापता होने से मां और मामा को शक हुआ। मुसर्रिक की गतिविधियां संदिग्ध लगने पर मामा ने पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ की तो आरोपी टूट गया और उसने पूरी वारदात कबूल कर ली। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति मौके पर पहुंचे। मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में घर के पीछे खुदाई कर शव को बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

 

आरोपी को हुआ पछतावा

गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में मुसर्रिक ने कहा कि अगर वह गुस्से पर काबू कर लेता तो यह घटना नहीं होती। फिलहाल पुलिस आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Related Articles

Back to top button