चीन में भ्रष्टाचार पर सबसे बड़ी कार्रवाई, पूर्व मेयर को मौत की सजा
चीन में भ्रष्टाचार पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई पूर्व मेयर के घर से मिला सोना और नकदी का अंबार कोर्ट ने सुनाई मौत की सजा, दुनिया हैरान

China corruption: चीन में भ्रष्टाचार के खिलाफ चल रही सख्त मुहिम के तहत एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पूरी दुनिया का ध्यान खींच लिया है। चीन की हैहौ (Haihou) सिटी के पूर्व मेयर Zhang Qi को बड़े भ्रष्टाचार मामले में दोषी पाए जाने के बाद अदालत ने मौत की सजा सुनाई है। जांच के दौरान उसके घर से जो खुलासे हुए, वे हैरान करने वाले हैं।
घर से मिला सोना और नकदी का जखीरा
उज्बेकिस्तान की न्यूज वेबसाइट Zamin की रिपोर्ट के अनुसार, जब जांच एजेंसियों ने पूर्व मेयर के अपार्टमेंट पर छापा मारा तो वहां से करीब 13,500 किलोग्राम सोना और लगभग 3400 करोड़ रुपये के बराबर चीनी युआन नकद बरामद किए गए। इतनी बड़ी मात्रा में कैश और सोना किसी एक व्यक्ति के घर से मिलना चीन के इतिहास में बेहद दुर्लभ माना जा रहा है। इसके अलावा चीन और विदेशों में मौजूद उसकी लग्ज़री प्रॉपर्टी, महंगी गाड़ियों का कलेक्शन और अन्य कीमती संपत्तियां भी जब्त की गईं।
10 साल में खड़ा किया अरबों का काला साम्राज्य
जांच में सामने आया कि 2009 से 2019 के बीच Zhang Qi ने अपने पद का दुरुपयोग किया। सरकारी ठेके दिलाने, जमीन की डील पास कराने और प्रशासनिक फैसलों के बदले उसने योजनाबद्ध तरीके से रिश्वत ली। इसी दौरान उसने सैकड़ों अरब रुपये की अवैध संपत्ति जमा कर ली।
अदालत ने क्यों सुनाई मौत की सजा?
कोर्ट ने Zhang Qi को सरकारी धन के गबन, सत्ता के दुरुपयोग और गंभीर स्तर के भ्रष्टाचार का दोषी माना। फैसले में कहा गया कि उसने जनता के भरोसे को तोड़ा और देश को भारी आर्थिक नुकसान पहुंचाया। इन्हीं कारणों के आधार पर अदालत ने उसे मौत की सजा सुनाई।
चीन के इतिहास का सबसे चर्चित भ्रष्टाचार मामला
यह केस चीन के अब तक के सबसे बड़े और विवादास्पद भ्रष्टाचार विरोधी मामलों में गिना जा रहा है। यह न केवल सत्ता में बैठे अधिकारियों के लिए कड़ा संदेश है, बल्कि पूरी दुनिया के लिए भी चेतावनी है कि ताकत और भ्रष्टाचार मिलकर किस हद तक जा सकते हैं।



