घने कोहरे का असर: दिल्ली में फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित, एयरलाइंस ने जारी की एडवाइजरी
दिल्ली में घने कोहरे के चलते विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है। खराब मौसम की वजह से दिल्ली आने-जाने वाली कई फ्लाइट्स प्रभावित हो रही हैं। एयरलाइंस ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी कर सतर्क रहने की अपील की है।

दिल्ली में घने कोहरे की वजह से विजिबिलिटी बेहद कम हो गई है, जिसका सीधा असर हवाई उड़ानों पर पड़ रहा है। खराब मौसम के कारण कई फ्लाइट्स देरी से चल रही हैं या उनके शेड्यूल में बदलाव किया गया है। इसे देखते हुए एयरलाइंस कंपनियों ने यात्रियों के लिए ट्रैवल एडवाइजरी जारी की है।
इंडिगो एयरलाइंस की एडवाइजरी
इंडिगो एयरलाइंस ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी अपनी ट्रैवल एडवाइजरी में कहा है कि दिल्ली में कम विजिबिलिटी और घने कोहरे के चलते फ्लाइट ऑपरेशन प्रभावित हो सकता है। एयरलाइंस ने यात्रियों से अपील की है कि वे उड़ान से पहले अपनी फ्लाइट की स्थिति इंडिगो की वेबसाइट या मोबाइल ऐप पर जरूर चेक करें। इंडिगो ने यह भी कहा है कि उनकी टीमें लगातार मौसम की स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं और यात्रियों को सुरक्षित एवं सुचारू यात्रा उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं।
एयर इंडिया की एडवाइजरी
एयर इंडिया ने भी एक्स पर पोस्ट जारी कर यात्रियों को सतर्क किया है। एयर इंडिया के अनुसार, घने कोहरे और कम विजिबिलिटी के कारण दिल्ली और उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में उड़ानें प्रभावित हो रही हैं। एयरलाइंस ने यात्रियों से एयरपोर्ट के लिए निकलने से पहले अपनी फ्लाइट का स्टेटस आधिकारिक वेबसाइट पर चेक करने की सलाह दी है। एयरलाइंस की ओर से यात्रियों से अपील की गई है कि वे मौसम को देखते हुए अतिरिक्त समय लेकर एयरपोर्ट पहुंचें और लेटेस्ट अपडेट पर नजर बनाए रखें।



