गोवा में दो रूसी महिलाओं की नृशंस हत्या, एक रूसी नागरिक गिरफ्तार
उत्तरी गोवा के मोरजिम और अरम्बोल में दो रूसी महिलाओं की नृशंस हत्या दोहरे हत्याकांड में रूसी नागरिक एलेक्सी लियोनोव गिरफ्तार पुलिस जांच जारी, हत्या के कारणों की पड़ताल तेज

गोवा से एक बेहद चौंकाने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। उत्तरी गोवा के मोरजिम और अरम्बोल इलाकों में दो रूसी महिलाओं की बेरहमी से हत्या कर दी गई। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया है। पुलिस ने मामले में एक रूसी नागरिक को गिरफ्तार कर लिया है।
क्या है पूरा मामला?
यह मामला 14 और 15 जनवरी का है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान एलेक्सी लियोनोव के रूप में हुई है, जो रूसी नागरिक है।
मांड्रेम थाने के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि
14 जनवरी की रात आरोपी ने मोरजिम में अपने किराए के कमरे में रह रही अपनी दोस्त एलेना वानीवा (37) की चाकू से गला काटकर हत्या कर दी। घटना की जानकारी मकान मालकिन ने पुलिस को दी, जिसके बाद जांच शुरू हुई। इसके बाद, 15 जनवरी की शाम आरोपी करीब आठ किलोमीटर दूर अरम्बोल गांव पहुंचा, जहां उसने अपनी दूसरी दोस्त एलेना कास्थानोवा (37) से मुलाकात की। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पहले महिला को रस्सी जैसी वस्तु से बांधा और फिर उसका गला रेतकर हत्या कर दी। दोनों महिलाओं के शव शुक्रवार को बरामद किए गए। आरोपी को मांड्रेम पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे के कारणों की गहराई से जांच की जा रही है।
हाल के दिनों में लगातार विवादों में रहा गोवा
गौरतलब है कि गोवा हाल ही में एक और बड़ी घटना को लेकर राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा में रहा था। दिसंबर महीने में गोवा के मशहूर नाइट क्लब ‘बिर्च बाय रोमियो लेन’ में भीषण आग लग गई थी, जिसमें 25 लोगों की मौत हो गई थी। इनमें से दो लोगों की मौत जलने से, जबकि 23 लोगों की दम घुटने से जान गई थी। जांच में सामने आया था कि क्लब में सुरक्षा मानकों की गंभीर अनदेखी की गई थी। हादसे के बाद क्लब के मालिक देश छोड़कर फरार हो गए थे। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया और राजनीतिक हलकों में भी तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं।



