भोपाल के पर्यटक की मौत, पांच महीने का मासूम बाल-बाल बचा

गोवा में तेज रफ्तार का कहर, भोपाल के पर्यटक की मौत किराए की थार ने i20 को मारी टक्कर, दो घायल 5 महीने का मासूम बचा, सीट बदलने के आरोप

Goa accident: गोवा के अंजुना इलाके में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। उत्तरी गोवा के असागाओ स्थित हैप्पी बार जंक्शन पर एक किराए की महिंद्रा थार एसयूवी ने हुंडई i20 कार को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में भोपाल से परिवार के साथ घूमने आए एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग घायल हो गए।

 

मौके पर ही तोड़ा दम

मृतक की पहचान भगतराम शर्मा के रूप में हुई है। वह अपने परिवार के साथ हुंडई i20 कार से गोवा घूमने आए थे। बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। गंभीर चोटों के कारण भगतराम शर्मा ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

 

दो घायल, हालत स्थिर

कार में सवार दो अन्य लोगों को मामूली चोटें आई हैं। उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनकी हालत स्थिर बताई है। हादसे के समय कार में एक पांच महीने का बच्चा भी मौजूद था, जो गनीमत रही कि सुरक्षित बच गया। किराए की थी थार, सीट बदलने की कोशिश का आरोप, पुलिस के अनुसार, टक्कर मारने वाली महिंद्रा थार किराए पर ली गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों का आरोप है कि हादसे के तुरंत बाद थार में सवार युवक-युवतियों ने अपनी सीटें बदलने की कोशिश की, ताकि चालक को बचाया जा सके। वायरल वीडियो में एक युवक फोन पर बात करते हुए सुनाई दे रहा है, जिसमें वह कहता है, “पापा, मैं चौराहे पर था…” इसके बाद उसकी आवाज धीमी पड़ जाती है। वीडियो में थार की पिछली सीट पर तीन युवतियां भी नजर आ रही हैं।

 

मौके पर बढ़ा तनाव

घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश देखने को मिला। लोगों का आरोप है कि थार में सवार लोग कथित महिला चालक को जिम्मेदारी से बचाने की कोशिश कर रहे थे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। गोवा जैसे पर्यटन स्थल पर इस तरह की घटनाएं एक बार फिर लापरवाह ड्राइविंग पर सवाल खड़े कर रही हैं।

Related Articles

Back to top button