गाजियाबाद में पुलिस मुठभेड़, हत्या के मामले में वॉन्टेड दो बदमाश गिरफ्तार

ऑपरेशन लंगड़ा के तहत बड़ी कार्रवाई गाजियाबाद पुलिस और स्वाट टीम ने जॉइंट ऑपरेशन में दो इनामी बदमाशों को दबोचा। पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में घायल चेकिंग के दौरान बदमाशों ने गोली चलाई, पुलिस फायरिंग में दोनों के पैर में लगी गोली। हत्या के मामले में थे फरार 11 दिसंबर को शिवम उर्फ लालू की हत्या में शामिल थे दोनों आरोपी।

Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस ने ऑपरेशन लंगड़ा के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए हत्या के मामले में वॉन्टेड दो शातिर बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाश पुलिस फायरिंग में घायल हुए हैं और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। गिरफ्तार आरोपियों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। यह कार्रवाई थाना अंकुर विहार पुलिस और ग्रामीण जोन की स्वाट टीम ने संयुक्त रूप से की। पुलिस को देर रात दादी भोई मैरिज होम के पास चेकिंग के दौरान एक मुखबिर से सूचना मिली थी कि हत्या के मामले में फरार दो बदमाश बुलेट मोटरसाइकिल से इलाके में घूम रहे हैं।

 

पुलिस टीम पर की थी फायरिंग

पुलिस के मुताबिक, सूचना मिली थी कि डाबर तालाब क्षेत्र में हत्या को अंजाम देने वाले बदमाश रामलीला मैदान की ओर जा रहे हैं। इसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी। जब मोटरसाइकिल सवार बदमाशों को रुकने का इशारा किया गया तो उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी और मौके से भागने की कोशिश की। इसी दौरान उनकी मोटरसाइकिल फिसलकर गिर गई। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लग गई।

 

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान

पकड़े गए बदमाशों की पहचान मन्नू उर्फ सुहैल और शान के रूप में हुई है। मन्नू उर्फ सुहैल थाना अंकुर विहार क्षेत्र के बंगाली पीर डाबर तालाब का निवासी है, जबकि शान थाना लोनी के प्रेमनगर इलाके का रहने वाला है।

 

हत्या में इस्तेमाल हथियार बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में इस्तेमाल की गई पिस्टल, तमंचा, जिंदा कारतूस, खोखा कारतूस और बुलेट मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों ने 11 दिसंबर 2025 को SLF वेद विहार क्षेत्र में शिवम उर्फ लालू की गोली मारकर हत्या की थी। इस मामले में थाना अंकुर विहार में पहले से मुकदमा दर्ज है।

 

हिस्ट्रीशीटर है मुख्य आरोपी

गिरफ्तार अभियुक्त मन्नू उर्फ सुहैल एक हिस्ट्रीशीटर है, जिस पर डेढ़ दर्जन से ज्यादा गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, शान के खिलाफ भी कई आपराधिक केस दर्ज होने की बात सामने आई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button