अल्मोड़ा में भीषण सड़क हादसा: यात्रियों से भरी बस खाई में गिरी, 6–7 की मौत की आशंका

भिकियासैंण–विनायक मार्ग पर सुबह बड़ा हादसा, बस गहरी खाई में गिरी 6–7 यात्रियों की मौत की आशंका, कई गंभीर घायल, SDRF ने संभाला मोर्चा CM धामी ने जताया शोक, घायलों के बेहतर इलाज के निर्देश

Uttarakhand: उत्तराखंड के अल्मोड़ा जिले में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। भिकियासैंण के पास यात्रियों से भरी एक बस अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और राहत एवं बचाव कार्य तुरंत शुरू कर दिया गया। जानकारी के अनुसार, दुर्घटना भिकियासैंण–विनायक–जालली मोटर मार्ग पर शिलापनी के पास हुई। बस भिकियासैंण से रामनगर के लिए रवाना हुई थी। सुबह करीब 6 बजे द्वाराहाट के पास पहुंचते ही बस चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिसके बाद बस गहरी खाई में गिर गई। हादसे में 6 से 7 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हुए हैं। घायलों को भिकियासैंण के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतकों और घायलों की संख्या को लेकर अभी आधिकारिक पुष्टि का इंतजार किया जा रहा है। अल्मोड़ा के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) देवेंद्र पिंचा ने बताया कि राहत और बचाव टीमों को तुरंत मौके पर भेज दिया गया है। SDRF की टीम भी घटनास्थल पर पहुंचकर रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। घटनास्थल जिला मुख्यालय से करीब 100 किलोमीटर दूर बताया जा रहा है। आपदा अधिकारी विनीत पाल ने कहा कि रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाई गई है और घायलों को तत्काल चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है।

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने जताया शोक

हादसे पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा कि अल्मोड़ा जिले में बस दुर्घटना की खबर बेहद पीड़ादायक और हृदयविदारक है। उन्होंने मृतकों की आत्मा की शांति और शोकाकुल परिजनों को संबल देने की प्रार्थना की। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि घायल यात्रियों को जिला प्रशासन द्वारा तुरंत अस्पतालों में भर्ती कराया जा रहा है और गंभीर रूप से घायलों को बेहतर इलाज के लिए उच्च चिकित्सा केंद्रों में रेफर किया गया है। पूरे मामले की लगातार निगरानी की जा रही है।

Related Articles

Back to top button