गंभीर हालत में खालिदा जिया, इलाज के लिए आज लंदन ले जाई जाएंगी
गंभीर हालत में ढाका के एवरकेयर अस्पताल में भर्ती खालिदा जिया स्वास्थ्य में सुधार नहीं, अब लंदन शिफ्ट की तैयारी तेज कतर सरकार की एयर एम्बुलेंस आज ढाका पहुंचेगी

बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। ढाका के एवरकेयर अस्पताल में उनका इलाज चल रहा है, लेकिन लंबे समय से स्वास्थ्य में कोई सुधार नहीं हो रहा। स्थिति को देखते हुए अब उन्हें विदेश ले जाने का फैसला किया गया है, और तैयारियां भी शुरू हो चुकी हैं। जानकारी के मुताबिक, जिया को इलाज के लिए लंदन शिफ्ट किया जाएगा, जिसके लिए एयर एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है।
कब पहुंचेगी एयर एम्बुलेंस?
bdnews24.com की रिपोर्ट के अनुसार, बांग्लादेश सिविल एविएशन अथॉरिटी (CAAB) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि एयर एम्बुलेंस को मंगलवार सुबह 8 बजे ढाका में लैंड करने का स्लॉट मिला है। इसी दिन रात 9 बजे विमान के लंदन के लिए उड़ान भरने का समय भी तय किया गया है।
ढाका में जारी इलाज
tbsnews.net के मुताबिक, यह एयर एम्बुलेंस कतर सरकार द्वारा उपलब्ध कराई गई है, जिसे जर्मनी की FAI एविएशन ग्रुप से किराए पर लिया गया है। 80 वर्षीय BNP चीफ खालिदा जिया पिछले दो सप्ताह से एवरकेयर अस्पताल में भर्ती हैं और कई गंभीर बीमारियों से जूझ रही हैं।
बार-बार टलता प्लान
इससे पहले उम्मीद थी कि जिया शुक्रवार सुबह ही एयर एम्बुलेंस से लंदन रवाना होंगी, लेकिन तकनीकी दिक्कतों के कारण विमान समय पर नहीं पहुंच पाया। रविवार को भी उनकी यात्रा टाल दी गई, क्योंकि डॉक्टरों के मुताबिक जिया अभी लंबी यात्रा के लिए पर्याप्त रूप से फिट नहीं हैं।
क्रिटिकल-केयर से लैस एयर एम्बुलेंस
कतर के दूतावास ने बताया कि रिप्लेसमेंट एयर एम्बुलेंस क्रिटिकल-केयर उपकरणों से लैस है वेंटिलेटर, मॉनिटर, इन्फ्यूजन पंप और ऑक्सीजन सिस्टम शामिल हैं। इसके अलावा, पूरी यात्रा के दौरान गहन देखभाल के लिए प्रशिक्षित डॉक्टर, नर्स और पैरामेडिक्स भी मौजूद रहेंगे। यह पहली बार नहीं है जब कतर ने मदद की हो, इससे पहले भी खालिदा जिया इलाज के लिए कतर के अमीर के निजी बेड़े की एयर एम्बुलेंस से लंदन जा चुकी हैं।



