खार्ग द्वीप पर अमेरिका का बड़ा हमला, ट्रंप की चेतावनी, होर्मुज में बाधा हुई तो ईरान के तेल ठिकाने होंगे निशाने पर

खार्ग द्वीप पर अमेरिका की बड़ी बमबारी का दावा होर्मुज में जहाज रोके तो ईरान के तेल ठिकानों पर हमला: ट्रंप सऊदी एयर बेस पर ईरानी मिसाइल अटैक, 5 अमेरिकी विमान क्षतिग्रस्त

Iran crisis: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दावा किया है कि अमेरिकी सेना ने ईरान के खार्ग द्वीप पर मौजूद सैन्य ठिकानों को पूरी तरह तबाह कर दिया है। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि अगर ईरान ने होर्मुज जलडमरूमध्य से गुजरने वाले जहाजों के रास्ते में रुकावट डाली, तो अगला निशाना ईरान का तेल बुनियादी ढांचा हो सकता है। फ़ारस की खाड़ी में स्थित यह छोटा द्वीप ईरान के तेल निर्यात का सबसे अहम केंद्र माना जाता है। ट्रंप ने वीकेंड में फ्लोरिडा रवाना होने की तैयारी के दौरान सोशल मीडिया पर इस हमले का जिक्र किया। हालांकि एयर फ़ोर्स वन में सवार होने से पहले पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने इस ताज़ा सैन्य ऑपरेशन पर कोई टिप्पणी नहीं की।

 

ट्रंप बोले—इतिहास के सबसे ताकतवर हमलों में से एक

डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि खार्ग द्वीप को निशाना बनाकर अमेरिका ने “मिडिल ईस्ट के इतिहास की सबसे ताकतवर बमबारी में से एक” को अंजाम दिया है। उन्होंने साफ कहा कि अगर ईरान होर्मुज जलडमरूमध्य में जहाजों को रोकने या उन पर हमला करने की कोशिश करता है, तो अमेरिका ईरान के तेल भंडार और बुनियादी ढांचे को पूरी तरह नष्ट करने में देर नहीं लगाएगा। ट्रंप के मुताबिक, दुनिया जानती है कि अमेरिका के पास ऐसे हथियार हैं जो यह काम आसानी से कर सकते हैं।

 

अमेरिका ने भेजे 2500 और सैनिक

इस बीच अमेरिका ने अपनी सैन्य मौजूदगी और बढ़ा दी है। एक अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक करीब 2,500 मरीन सैनिक और कम से कम एक युद्धपोत पश्चिम एशिया की ओर रवाना कर दिए गए हैं। ‘एसोसिएटेड प्रेस’ को दी जानकारी में अधिकारी ने बताया कि 31वीं मरीन एक्सपेडिशनरी यूनिट और युद्धपोत यूएसएस त्रिपोली को इलाके में तैनाती का आदेश दिया गया है। इससे क्षेत्र में अमेरिकी सैनिकों की संख्या और ताकत दोनों बढ़ जाएंगी।

 

सऊदी एयर बेस पर ईरानी हमला

वहीं दूसरी ओर ‘वॉल स्ट्रीट जर्नल’ की रिपोर्ट के मुताबिक सऊदी अरब के प्रिंस सुल्तान एयर बेस पर ईरान की ओर से मिसाइल हमला किया गया है। इस हमले में अमेरिकी वायुसेना के पांच रिफ्यूलिंग विमान क्षतिग्रस्त हो गए। हालांकि ये विमान पूरी तरह नष्ट नहीं हुए हैं और उनकी मरम्मत की जा रही है। अच्छी बात यह रही कि इस हमले में किसी के हताहत होने की खबर नहीं है।

Related Articles

Back to top button