खटीमा में तुषार हत्याकांड: मुख्य आरोपी हाशिम का हाफ एनकाउंटर, इलाके में धारा 163 लागू

खटीमा में युवक तुषार शर्मा की हत्या के बाद पुलिस ने मुख्य आरोपी हाशिम का हाफ एनकाउंटर किया। मुठभेड़ में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इलाके में तनाव को देखते हुए प्रशासन ने धारा 163 लागू कर भारी पुलिस बल तैनात किया।

उत्तराखंड के खटीमा में युवक तुषार शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। इस हत्याकांड के मुख्य आरोपी हाशिम का पुलिस ने हाफ एनकाउंटर कर दिया है। मुठभेड़ के दौरान हाशिम के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे झनकट चौकी क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। हालात को देखते हुए खटीमा में रविवार को बीएनएस की धारा 163 लागू कर दी गई है।

 

हमलावर की दुकान में लगाई आग, मचा बवाल

युवक की हत्या के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया। गुस्साए लोगों ने आरोपियों की दुकान में आग लगा दी, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हालात बिगड़ते देख प्रशासन ने तुरंत सख्त कदम उठाते हुए निषेधाज्ञा लागू कर दी।

 

इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। प्रशासन लगातार शांति व्यवस्था बनाए रखने की कोशिश कर रहा है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गहन जांच जारी है और अन्य आरोपियों की तलाश भी की जा रही है।

 

चाकूबाजी में गई तुषार की जान

बताया जा रहा है कि शुक्रवार रात खटीमा रोडवेज परिसर में दो पक्षों के बीच कहासुनी हो गई थी। विवाद इतना बढ़ गया कि चाकूबाजी शुरू हो गई। इस दौरान 23 वर्षीय तुषार शर्मा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

आरोपी के पिता की दुकान पर चला बुलडोजर

घायलों की हालत गंभीर होने पर उन्हें हायर सेंटर रेफर किया गया है। वहीं, जिस स्थान पर तुषार की हत्या हुई थी, वहां प्रशासन ने बुलडोजर कार्रवाई की। घटनास्थल पर आरोपी के पिता की चाय की दुकान समेत आसपास की कई दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया।

Related Articles

Back to top button