सीरिया में अमेरिकी ठिकाने पर हमला, 2 अमेरिकी सैनिकों समेत 3 की मौत

सीरिया के पलमायरा में ISIS ने अमेरिकी-सिरियाई गश्ती दल पर किया हमला 2 अमेरिकी सैनिक और एक नागरिक ट्रांसलेटर की मौत, 3 घायल ट्रंप और अमेरिकी रक्षा मंत्री ने दी कड़ी जवाबी कार्रवाई की चेतावनी

सीरिया के मध्य क्षेत्र पलमायरा में शनिवार को एक अमेरिकी-सिरियाई संयुक्त सुरक्षा गश्ती दल पर इस्लामिक स्टेट (ISIS) के एक बंदूकधारी ने घात लगाकर हमला कर दिया। इस हमले में दो अमेरिकी सैनिकों और एक अमेरिकी नागरिक ट्रांसलेटर की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य अमेरिकी सैनिक घायल हुए हैं। घायलों की हालत फिलहाल स्थिर बताई जा रही है।

 

असद शासन के पतन के बाद पहला जानलेवा हमला

राष्ट्रपति बशर अल-असद के सत्ता से हटने के एक साल बाद यह पहला ऐसा हमला है, जिसमें सीरिया में अमेरिकी सैनिकों की जान गई है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (CENTCOM) ने बताया कि रक्षा विभाग की नीति के तहत मृतक सैनिकों की पहचान उनके परिजनों को सूचित किए जाने के 24 घंटे बाद तक सार्वजनिक नहीं की जाएगी।

 

ट्रंप बोले- जवाबी कार्रवाई बेहद गंभीर होगी

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने हमले पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि अमेरिका ने सीरिया में अपने तीन बहादुर नागरिकों को खो दिया है, जिनमें दो सैनिक और एक इंटरप्रेटर शामिल हैं। उन्होंने कहा कि यह हमला ISIS द्वारा किया गया है, जो सीरिया के उस क्षेत्र में सक्रिय है, जहां सरकार का पूरा नियंत्रण नहीं है। ट्रंप ने चेतावनी दी कि इस हमले का बहुत गंभीर जवाब दिया जाएगा।

 

रक्षा सचिव की चेतावनी- अमेरिका पीछा कर खत्म करेगा

अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने सोशल मीडिया पर कड़ा संदेश देते हुए कहा कि अगर दुनिया में कहीं भी अमेरिकियों को निशाना बनाया गया, तो अमेरिका हमलावरों का पीछा करेगा, उन्हें ढूंढ निकालेगा और बेरहमी से मार डालेगा।

 

हमलावर ढेर, घायलों को सुरक्षित ठिकाने पर पहुंचाया गया

सीरिया की सरकारी समाचार एजेंसी सना के अनुसार, यह गोलीबारी ऐतिहासिक पलमायरा के पास हुई। हमले में सीरियाई सुरक्षा बल के दो जवान भी घायल हुए थे। घायलों को हेलीकॉप्टर के जरिए इराक और जॉर्डन की सीमा के पास स्थित अल-तनफ सैन्य ठिकाने पर ले जाया गया। सना ने पुष्टि की है कि हमलावर को मार गिराया गया है, हालांकि उसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं दी गई।

Related Articles

Back to top button