एलएसी पर पेंटागन रिपोर्ट को चीन ने किया खारिज, बोले– सीमा स्थिति स्थिर

एलएसी पर पेंटागन की रिपोर्ट को चीन ने किया खारिज बीजिंग बोला– भारत-चीन सीमा पर हालात स्थिर, संवाद जारी मोदी-जिनपिंग मुलाकातों के बाद रिश्तों में दिखी नरमी

China: भारत-चीन के बीच वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) को लेकर जारी पेंटागन की रिपोर्ट पर चीन ने सख्त प्रतिक्रिया दी है। बीजिंग ने अमेरिका के उन आरोपों को पूरी तरह खारिज कर दिया है, जिनमें कहा गया था कि चीन सीमा पर तनाव का फायदा उठाकर भारत के साथ रिश्ते सुधारने का दिखावा कर रहा है और जानबूझकर अमेरिका को भारत के करीब आने से रोकना चाहता है। चीन के विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लिन जियान ने गुरुवार को नियमित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वर्तमान में भारत-चीन सीमा पर स्थिति सामान्य और स्थिर है। उन्होंने यह भी बताया कि दोनों देशों के बीच संवाद के सभी चैनल सुचारू रूप से खुले हुए हैं और आपसी बातचीत जारी है।

 

भारत के साथ रिश्तों को रणनीतिक नजरिये से देखता है चीन

ग्लोबल टाइम्स के मुताबिक, लिन जियान ने कहा कि चीन भारत के साथ अपने संबंधों को “रणनीतिक और दीर्घकालिक परिप्रेक्ष्य” से देखता है। उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि इस मुद्दे पर तीसरे देशों की अनावश्यक टिप्पणियों का चीन विरोध करता है। दरअसल, पेंटागन की हालिया रिपोर्ट में दावा किया गया था कि चीन, एलएसी पर तनाव कम होने का फायदा उठाकर भारत-अमेरिका के रिश्तों को गहरा होने से रोकना चाहता है। खासतौर पर भारत और चीन के बीच हाल के कूटनीतिक संपर्कों, जैसे तियानजिन में हुए शंघाई सहयोग संगठन (SCO) शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं की मुलाकात को लेकर अमेरिका में तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिली थीं।

 

मोदी-जिनपिंग मुलाकातों के बाद रिश्तों में आई स्थिरता

भारत और चीन के संबंधों में पिछले साल ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के दौरान रियो डी जेनेरियो में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग की मुलाकात के बाद धीरे-धीरे स्थिरता आने लगी थी। इसके बाद इस साल सितंबर-अक्टूबर में चीन के तियानजिन में आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन के दौरान दोनों नेताओं के बीच द्विपक्षीय बातचीत हुई। इस बैठक में दोनों देशों ने आपसी तनाव कम करने और संबंधों को पटरी पर लाने पर सहमति जताई थी। इसके बाद से भारत-चीन संबंधों में सुधार देखा गया है और सीमा पर दोनों पक्षों की ओर से सैनिकों की संख्या भी घटाई गई है।

Related Articles

Back to top button