उत्तर भारत में घना कोहरा, कई राज्यों में शीतलहर का अलर्ट

उत्तर भारत में ठंड ने अपना असर तेज कर दिया है। दिल्ली-एनसीआर में घने कोहरे से जनजीवन प्रभावित हुआ है। कई राज्यों में शीतलहर और पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार हैं।

रविवार सुबह दिल्ली और आसपास के इलाकों में घना कोहरा छाया रहा। दृश्यता बेहद कम होने के कारण सड़कों पर वाहन रेंगते नजर आए। शनिवार को ग्रेटर नोएडा एक्सप्रेसवे पर हुए हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियातन स्पीड लिमिट घटा दी है। मौसम विभाग के अनुसार दिल्ली समेत पूरे उत्तर भारत में आने वाले कुछ दिनों तक घना कोहरा बना रह सकता है।

 

उत्तर भारत में बढ़ी ठंड, कई राज्यों में ठिठुरन

पंजाब और हरियाणा में ठंड का असर लगातार बढ़ता जा रहा है। दोनों राज्यों की संयुक्त राजधानी चंडीगढ़ में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से कम है। अमृतसर, लुधियाना, पटियाला, पठानकोट और बठिंडा समेत कई जिलों में तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के बीच बना हुआ है, जिससे लोगों को कड़ाके की ठंड का सामना करना पड़ रहा है।

 

चार राज्यों में शीतलहर की चेतावनी

मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़, ओडिशा, कर्नाटक और तेलंगाना में शीतलहर को लेकर अलर्ट जारी किया है। 14 और 15 दिसंबर को तेलंगाना और अंदरूनी कर्नाटक के कुछ हिस्सों में कोल्ड वेव की स्थिति बन सकती है। वहीं, उत्तरी अंदरूनी कर्नाटक में अत्यधिक शीतलहर की आशंका जताई गई है। ठंडी हवाओं को देखते हुए लोगों को गर्म कपड़े पहनने, गर्म पानी पीने और घरों को गर्म रखने की सलाह दी गई है।

 

उत्तर-पूर्व में कोहरे का अलर्ट, दक्षिण और मध्य भारत में मौसम सामान्य

उत्तर-पूर्वी राज्यों में भी घने कोहरे को लेकर चेतावनी जारी की गई है। हालांकि मध्य भारत और दक्षिण-पश्चिमी राज्यों में मौसम सामान्य रहने की संभावना है, लेकिन कुछ इलाकों में ठंड का असर महसूस किया जा सकता है।

 

हिमाचल के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी के आसार

मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से हिमाचल प्रदेश के चंबा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति के ऊंचे इलाकों में हल्की बर्फबारी हो सकती है। 17 से 19 दिसंबर के बीच भी कुछ ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने की संभावना जताई गई है। बाकी जिलों में मौसम सामान्य रहने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button