ईरान में आर्थिक संकट के बीच हिंसक प्रदर्शन, पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या
ईरान में आर्थिक संकट के बीच हिंसक प्रदर्शन तेज, कानून-व्यवस्था चरमराई सिस्तान-बलूचिस्तान में पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या, वीडियो वायरल 25 से ज्यादा प्रांतों में सरकार विरोधी प्रदर्शन, अब तक 30 से अधिक मौतें

Iran: ईरान इस समय गंभीर आर्थिक संकट और सरकार विरोधी प्रदर्शनों से जूझ रहा है। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि कई इलाकों में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। इसी बीच एक चौंकाने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें सिस्तान और बलूचिस्तान प्रांत में अज्ञात हमलावरों ने एक ईरानी पुलिसकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी।
वायरल वीडियो में दिखी सनसनीखेज वारदात
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में देखा जा सकता है कि हमलावर चलती गाड़ी से एक पुलिस वाहन पर लगातार गोलियां बरसाता है। फायरिंग के बाद पुलिस की गाड़ी सड़क से उतरकर दुर्घटनाग्रस्त हो जाती है। वीडियो हमलावर की कार से शूट किया गया बताया जा रहा है, जिसमें केवल बंदूक की नोक नजर आती है और लगातार गोलियां चलती दिखाई देती हैं।
जैश अल-अदल ने ली हमले की जिम्मेदारी
ईरानी मीडिया के मुताबिक, मारे गए पुलिसकर्मी की पहचान महमूद हकीकत के रूप में हुई है। वाना न्यूज एजेंसी की रिपोर्ट के अनुसार, सुन्नी आतंकवादी संगठन जैश अल-अदल ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है। यह संगठन खुद को बलूच अल्पसंख्यक समुदाय के अधिकारों की आवाज बताता है और हाल ही में ईरान की धार्मिक सरकार के खिलाफ अन्य बलूच अर्धसैनिक संगठनों के साथ गठबंधन बना चुका है।
पूरे देश में फैल चुके हैं विरोध प्रदर्शन
ईरान में विरोध प्रदर्शन अब केवल एक-दो शहरों तक सीमित नहीं रहे हैं। सरकार विरोधी प्रदर्शन देश के 31 में से कम से कम 25 प्रांतों में फैल चुके हैं। राजधानी तेहरान के पास हुए एक प्रदर्शन के दौरान चाकूबाजी में एक और पुलिस अधिकारी की मौत हो चुकी है। प्रदर्शन पिछले महीने तेहरान के ऐतिहासिक ग्रैंड बाजार से शुरू हुए थे, जब दुकानदारों ने रियाल मुद्रा की भारी गिरावट के विरोध में अपनी दुकानें बंद कर दी थीं। इसके बाद महंगाई, पश्चिमी प्रतिबंधों, सरकारी कुप्रबंधन और सामाजिक आज़ादी पर पाबंदियों को लेकर जनता का गुस्सा पूरे देश में फैल गया।
सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरे लोग
प्रदर्शनों के दौरान कई वीडियो सामने आए हैं, जिनमें लोग सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई के नेतृत्व वाली इस्लामी सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते नजर आ रहे हैं। प्रदर्शनकारी “जब तक मुल्ला को दफनाया नहीं जाएगा, यह देश आज़ाद नहीं होगा” और “मुल्लाओं को ईरान छोड़ देना चाहिए” जैसे नारे लगा रहे हैं।
अब तक 30 से ज्यादा मौतें, हजारों गिरफ्तार
प्रदर्शन शुरू होने के बाद से अब तक 30 से अधिक लोगों की मौत की खबर है, जबकि हजारों लोगों को हिरासत में लिया गया है। हालांकि, ईरानी सरकार ने अब तक मौतों का कोई आधिकारिक आंकड़ा जारी नहीं किया है। अधिकारियों का कहना है कि सुरक्षा बलों के कम से कम दो जवान मारे गए हैं और एक दर्जन से अधिक घायल हुए हैं।



