इमरान खान के बेटे का सरकार से खुला आरोप: “पिता के जीवित होने का सबूत दें”
इमरान खान पिछले 845 दिन से जेल में हैं और छह हफ्तों से एकांत कारावास में। उनसे न परिवार, न वकील और न पार्टी नेताओं को मिलने दिया जा रहा है। बेटे कासिम खान ने सरकार से उनके जीवित होने का सबूत मांगा।

पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान के बेटे कासिम खान ने सरकार से अपने पिता के जीवित होने का स्पष्ट सबूत पेश करने की मांग की है। पिछले एक महीने से अधिक समय से इमरान खान से न परिवार, न वकील और न ही पार्टी नेताओं को मिलने दिया जा रहा है। इस वजह से उनकी हत्या या धीरे-धीरे जहर दिए जाने की आशंका तेज हो गई है।
शुक्रवार शाम सोशल मीडिया पर कासिम ने लिखा:
“हम अपने पिता के जीवित होने का सबूत मांगते हैं। पिछले 845 दिनों से वह कैद हैं और पिछले छह हफ्तों से उन्हें पूर्ण एकांत कारावास में रखा गया है। उनके साथ किसी भी तरह की पारदर्शिता नहीं है। अदालत के स्पष्ट आदेश के बावजूद उनकी बहनों को मिलने नहीं दिया गया, न ही फोन पर बात हुई और न ही किसी तरह का प्रमाण कि वह सुरक्षित हैं।” कासिम ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि यह कोई सुरक्षा प्रोटोकॉल नहीं बल्कि इमरान की हालत छिपाने और परिवार को उनसे दूर रखने की जानबूझकर कोशिश है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर उनके पिता को कोई नुकसान हुआ तो पाकिस्तानी सरकार और उसके अधिकारी इसके लिए कानूनी, नैतिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर जिम्मेदार होंगे।
इमरान की बहनों, पीटीआई कार्यकर्ता और समर्थक कई दिनों से रावलपिंडी की अडियाला जेल के बाहर डेरा डाले हुए हैं। एक बहन ने चेतावनी दी कि अगर जल्द मुलाकात की अनुमति नहीं दी गई, तो देशव्यापी प्रदर्शन होंगे और जिम्मेदार लोग देश और विदेश दोनों में सुरक्षित नहीं रह पाएंगे।
साथ ही, इमरान की बहन अलीमा खानम ने शुक्रवार को इस्लामाबाद हाईकोर्ट में अडियाला जेल अधीक्षक और अन्य अधिकारियों के खिलाफ कोर्ट की अवमानना याचिका दायर की। याचिका में 24 मार्च के कोर्ट आदेश का हवाला दिया गया, जिसमें सप्ताह में दो मुलाकातों की इजाजत दी गई थी।
पीटीआई का दावा है कि इमरान खान का वजन तेजी से घट रहा है, उनकी आंखों की रोशनी कमजोर हो रही है और उन्हें धीरे-धीरे जहर दिए जाने की आशंका है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि अगर तुरंत मुलाकात की अनुमति नहीं मिली, तो पूरे देश में सड़कें ब्लॉक कर दी जाएंगी।



