इंदौर में IAS अधिकारी के फार्महाउस पर जुआ, पुलिस की रेड में 18 गिरफ्तार; 3 पुलिसकर्मी सस्पेंड
इंदौर में IAS अधिकारी के फार्महाउस पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई। छापेमारी में 18 लोग गिरफ्तार, लाखों रुपये कैश बरामद। मामले में मानपुर थाने के तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड।

Mp news: मध्य प्रदेश के इंदौर जिले में एक महिला IAS अधिकारी के फार्महाउस पर जुआ खेले जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने छापेमारी कर 18 लोगों को मौके से गिरफ्तार किया है, जबकि 6 आरोपी मौके से फरार हो गए। इस मामले में लापरवाही के आरोप में तीन पुलिसकर्मियों को भी सस्पेंड कर दिया गया है।
गुप्त सूचना के बाद आधी रात को छापा
पुलिस को सूचना मिली थी कि इंदौर शहर से करीब 50 किलोमीटर दूर अवालीपुरा गांव स्थित एक फार्महाउस में जुआ खेला जा रहा है। इसके बाद मंगलवार और बुधवार की दरमियानी रात पुलिस टीम ने वहां छापा मारा। छापे के दौरान फार्महाउस का मुख्य गेट बंद मिला, लेकिन अंदर कई लोग ताश के पत्तों के साथ जुआ खेलते पाए गए। पुलिस ने मौके से 18 लोगों को पकड़ लिया, जबकि 6 लोग अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले।
जुआरियों के पास से 13.68 लाख रुपये बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से 30 मोबाइल फोन, ताश के पत्ते और करीब 13.68 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। पकड़े गए सभी लोग मध्य प्रदेश के अलग-अलग जिलों के बताए जा रहे हैं।पुलिस ने इनके खिलाफ BNS और जुआ अधिनियम की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बताया जा रहा है कि इस जुए का मुख्य आयोजक जगदीश राठौर उर्फ कुबड़ा था, जो फार्महाउस के केयरटेकर रंजीत चौधरी के साथ फरार हो गया।
IAS अधिकारी ने पुलिस को लिखा पत्र
यह फार्महाउस IAS अधिकारी वंदना वैद्य और उनके परिवार का बताया जा रहा है। वंदना वैद्य फिलहाल मध्य प्रदेश सरकार के फाइनेंस डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन की मैनेजिंग डायरेक्टर हैं।मामले के सामने आने के बाद उन्होंने पुलिस को एक पत्र लिखकर शिकायत की है कि कुछ अज्ञात लोग अवैध तरीके से उनके फार्महाउस में घुस आए थे और वहां आपराधिक गतिविधियां कर रहे थे। उन्होंने यह भी आशंका जताई है कि इन लोगों ने फार्महाउस में चोरी भी की हो सकती है।
मानपुर थाने के तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड
इंदौर ग्रामीण के पुलिस अधीक्षक यांगचेन डोलकर भुटिया ने बताया कि IAS अधिकारी की शिकायत की जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जाएगा कि लोग फार्महाउस में अवैध रूप से कैसे पहुंचे और वहां जुआ कैसे चल रहा था। इस मामले में लापरवाही सामने आने पर मानपुर पुलिस स्टेशन के प्रभारी, बीट के सब-इंस्पेक्टर और एक असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर को सस्पेंड कर दिया गया है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।



