इंडोनेशिया के रिटायरमेंट होम में भीषण आग, 16 बुजुर्गों की मौत
रविवार रात सोते समय लगी आग, रिटायरमेंट होम बना मौत का घर 15 बुजुर्गों की जलकर मौत, 15 घायलों का अस्पताल में इलाज शुरुआती जांच में इलेक्ट्रिकल फॉल्ट की आशंका, कारणों की जांच जारी

Indonesia: इंडोनेशिया के उत्तर सुलावेसी प्रांत में रविवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। मानाडो शहर में स्थित एक रिटायरमेंट होम में भीषण आग लगने से 16 बुजुर्गों की मौत हो गई। यह आग उस वक्त लगी जब सभी निवासी सो रहे थे। उत्तर सुलावेसी पुलिस के प्रवक्ता अलमस्याह हसिबुआन ने बताया कि मरने वालों में से 15 की जलकर मौत हुई है, जबकि एक बुजुर्ग का शव सुरक्षित हालत में मिला है। हादसे में घायल 15 लोगों को मानाडो के दो अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार, आग की सूचना आसपास के लोगों ने आपात सेवाओं को दी, जिसके बाद दमकल विभाग की छह गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। आग इतनी भीषण थी कि उसे काबू में करने में दो घंटे से ज्यादा का समय लगा। मृतकों के शवों को पहचान के लिए परिवारों की मदद से अस्पताल भेजा गया है।
कैसे लगी आग?
स्थानीय टीवी चैनलों पर सामने आई तस्वीरों में आग की ऊंची-ऊंची लपटें, धुएं से भरा आसमान और मौके पर मची अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है। रिटायरमेंट होम के बाहर बॉडी बैग्स की कतार लगी हुई थी। कई पड़ोसियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बुजुर्गों को बाहर निकालने में मदद की। प्रारंभिक पुलिस रिपोर्ट में आग का कारण इलेक्ट्रिकल फॉल्ट बताया गया था, हालांकि अधिकारियों का कहना है कि आग लगने की असली वजह की जांच अभी जारी है।



