अयोध्या में बड़ा हादसा: बोलेरो ट्रैक्टर ट्रॉली से भिड़ी, तीन श्रद्धालुओं की मौत, 11 घायल
अयोध्या दर्शन के रास्ते बड़ा हादसा बोलेरो और ट्रैक्टर ट्रॉली की भीषण भिड़ंत तीन श्रद्धालुओं की मौत, 11 घायल

उत्तर प्रदेश के अयोध्या में गुरुवार तड़के करीब 5 बजे बड़ा सड़क हादसा हो गया। अयोध्या दर्शन के लिए आ रहे श्रद्धालुओं की बोलेरो एक ट्रैक्टर ट्रॉली से जोरदार तरीके से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि बोलेरो के परखच्चे उड़ गए। इस दुर्घटना में तीन श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए। सभी घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
रीवा से रामलला दर्शन के लिए निकल रहे थे श्रद्धालु
जानकारी के मुताबिक, मध्य प्रदेश के रीवा जिले से बोलेरो में सवार श्रद्धालु रामलला के दर्शन के लिए अयोध्या जा रहे थे। लेकिन रास्ते में थाना पूराकलंदर के कल्याण भदरसा गांव के पास प्रयागराज हाईवे पर उनकी गाड़ी ट्रैक्टर ट्रॉली से टकरा गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया। हादसे में शामिल दोनों वाहनों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है।
कुछ दिन पहले सुलतानपुर में भी हुआ था बड़ा हादसा
इससे पहले 6 दिसंबर को सुलतानपुर में भी तीर्थयात्रियों से भरी एक बस को ट्रक ने टक्कर मार दी थी। हादसा कूरेभार चौराहे के पास तड़के 4 बजे हुआ था। इस दुर्घटना में एक महिला की मौत हो गई थी और कई श्रद्धालु घायल हुए थे। बस में करीब 40 यात्री थे, जो महाराष्ट्र के जलगांव जिले के रहने वाले थे। ये सभी श्रद्धालु अयोध्या में रामलला के दर्शन करने के बाद प्रयागराज जा रहे थे।



