गोवा नाइट क्लब अग्निकांड: थाईलैंड में पकड़े गए लूथरा ब्रदर्स, जल्द लाए जाएंगे भारत

गोवा के नाइट क्लब अग्निकांड में बड़ा एक्शन थाईलैंड में हिरासत में लिए गए लूथरा ब्रदर्स जल्द भारत लाकर होगी आगे की जांच

गोवा के एक नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत के बाद मामले में बड़ा अपडेट सामने आया है। इस अग्निकांड के मुख्य आरोपी लूथरा ब्रदर्स, जो घटना के बाद भारत से भागकर थाईलैंड पहुंच गए थे, अब वहां की पुलिस की गिरफ्त में हैं। दोनों के पासपोर्ट भारत सरकार ने कैंसिल कर दिए थे, जिसके बाद थाईलैंड पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। थाईलैंड की एजेंसियों ने इसकी जानकारी गोवा पुलिस को भेज दी है और दोनों को जल्द भारत लाया जाएगा।

 

छह दिसंबर की रात मचा था हड़कंप

गोवा के बिर्च बाय रोमियो लेन नाइट क्लब में 6 दिसंबर की रात अचानक आग भड़क गई थी। हादसा इतना भीषण था कि मौके पर ही 25 लोगों की जान चली गई। इस मामले में क्लब के चार मालिकों में से एक, अजय गुप्ता को पहले ही हिरासत में लिया जा चुका है। गुप्ता दिल्ली का रहने वाला है और उसे दिल्ली क्राइम ब्रांच ने पूछताछ के बाद साकेत कोर्ट में पेश किया था। कोर्ट ने उसे गोवा पुलिस की 36 घंटे की ट्रांजिट रिमांड पर भेज दिया है। पूछताछ में अजय ने दावा किया, “मैं सिर्फ बिज़नेस पार्टनर हूं, क्लब की रोज़मर्रा की जानकारी मुझे नहीं है।”

 

भारत छोड़कर भाग गए थे लूथरा ब्रदर्स

क्लब के दो अन्य मालिक और सगे भाई सौरभ लूथरा और गौरव लूथरा आग लगने के कुछ ही घंटों के भीतर दिल्ली से थाईलैंड भाग गए थे। इंटरपोल ने दोनों के खिलाफ ब्लू कॉर्नर नोटिस जारी कर दिया है। भारत सरकार ने पासपोर्ट रद्द करते हुए सख्त कार्रवाई के संकेत दिए थे, जिसके बाद थाईलैंड में दोनों को पकड़ा गया। इसी केस में क्लब के चौथे मालिक सुरिंदर कुमार खोसला, जो भारतीय नहीं बल्कि ब्रिटिश नागरिक हैं, उनके खिलाफ लुकआउट सर्कुलर जारी किया गया है।

Related Articles

Back to top button