पश्चिम बंगाल चुनाव के नतीजों पर ममता बनर्जी का बड़ा बयान, कार्यकर्ताओं से की खास अपील
ममता बनर्जी ने कार्यकर्ताओं से काउंटिंग सेंटर न छोड़ने की अपील की है। सीएम का दावा है कि आखिरी राउंड की गिनती के बाद पासा पलट जाएगा। चुनाव आयोग और सुरक्षा बलों की भूमिका पर ममता ने गंभीर सवाल उठाए हैं।

West Bengal results: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों की तस्वीर आज साफ होती दिख रही है। दोपहर तक जो रुझान सामने आए हैं, उनसे लग रहा है कि भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ राज्य में सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है, जबकि तृणमूल कांग्रेस पिछड़ती नजर आ रही है। इस बीच मुख्यमंत्री ममता बनर्जी का पहला बयान सामने आया है जिसमें उन्होंने अपनी हार मानने से इनकार कर दिया है। ममता बनर्जी ने साफ तौर पर कहा है कि टीएमसी के कार्यकर्ता और एजेंट अभी काउंटिंग सेंटर छोड़कर बाहर न निकलें। उनका कहना है कि अभी केवल चार राउंड की गिनती पूरी हुई है और आखिरी राउंड खत्म होने तक बाजी पलट जाएगी और टीएमसी की ही जीत होगी।
West Bengal results: कार्यकर्ताओं और एजेंटों को ममता की हिदायत
भवानीपुर से चुनाव लड़ रहीं ममता बनर्जी ने अपनी बात रखते हुए कहा कि काउंटिंग एजेंट और उम्मीदवारों को किसी भी हाल में सेंटर पर डटे रहना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि यह भाजपा की एक सोची-समझी रणनीति है जिसके तहत शुरुआती रुझानों में उन्हें आगे दिखाया जा रहा है। ममता ने दावा किया कि कई जगहों पर गिनती को जानबूझकर रोका गया है। उन्होंने कल्याणी का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां मशीनों में गड़बड़ी मिली है और सेंट्रल फोर्सेज के जरिए टीएमसी कार्यकर्ताओं पर दबाव बनाया जा रहा है।
रुझानों और चुनाव आयोग पर उठाए सवाल
West Bengal results: ममता बनर्जी का मानना है कि जो आंकड़े दिखाए जा रहे हैं वे पूरी तरह सही नहीं हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि वोट लूटने की कोशिश हुई है और असल में पार्टी अब भी 100 से ज्यादा सीटों पर आगे चल रही है, लेकिन इसे सार्वजनिक नहीं किया जा रहा। चुनाव आयोग और सेंट्रल फोर्सेज पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि सब कुछ उनकी मर्जी से हो रहा है। उन्होंने अपने कार्यकर्ताओं का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि मन छोटा करने की कोई जरूरत नहीं है, क्योंकि अभी 14 से 18 राउंड तक की गिनती बाकी है। उन्होंने भरोसा जताया कि सूर्यास्त होते-होते जीत उनकी ही होगी और किसी को भी डरने की जरूरत नहीं है।
यह भी पढ़ें: बंगाल के नतीजों से पहले मंदिर पहुंचे शुभेंदु अधिकारी, कहा जनता ने चुन लिया है नया मुख्यमंत्री



