भारी बारिश तथा बर्फबारी के बाद मौसम हुआ साफ

श्रीनगर, 31 जनवरी

जम्मू कश्मीर में सोमवार को हुई भारी बारिश तथा बर्फबारी के बाद मंगलवार को मौसम बिल्कुल साफ हो गया है। जम्मू में सुबह से ही धूप निकली हुई है जो लोगों को भीषण सर्दी से थोड़ी राहत दे रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने जम्मू-कश्मीर में चार फरवरी तक मुख्य रूप से शुष्क और कोहरे का मौसम रहने की संभावना व्यक्त की है। उसके बाद एक सप्ताह तक हल्की बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। हालांकि मौसम विभाग ने अगले दस दिनों में किसी भी बड़ी बर्फबारी की संभावना से इनकार किया है।

मौसम विभाग के एक अधिकारी ने कहा कि 1 फरवरी से 4 फरवरी तक मुख्य रूप से शुष्क मौसम की उम्मीद है लेकिन जम्मू और कश्मीर में कोहरे का प्रकोप अधिक होने की संभावना है। उन्होंने कहा कि अगले एक सप्ताह तक अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है।

मौसम विभाग के अधिकारी ने बताया कि पिछले 24 से मंगलवार सुबह साढ़े आठ बजे तक श्रीनगर में 6.29 इंच, काजीगुंड में 9.8 इंच, पहलगाम में 10.56 इंच, कुपवाड़ा में 7.87 इंच, कोकेरनाग में 7.1 इंच और गुलमर्ग में 19.7 इंच, बनिहाल में 1.37 इंच, बटोत में 0.4 इंच और भद्रवाह में 0.8 इंच तक बर्फबारी हुई है।

श्रीनगर में न्यूनतम तापमान 0.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। काजीगुंड में शून्य से नीचे 0.4 डिग्री सेल्सियस, पहलगाम में शून्य से नीचे 4.7 डिग्री सेल्सियस, कोकरनाग में न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.8 डिग्री सेल्सियस, गुलमर्ग में शून्य से नीचे 8.4 डिग्री सेल्सियस, कुपवाड़ा शहर में पारा शून्य से नीचे 0.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

जम्मू में 24 घंटे के दौरान 26.6 मिमी बारिश हुई और पिछली रात के 10.4 डिग्री सेल्सियस के मुकाबले न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बनिहाल में 39.8 मिमी बारिश हुई और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.4 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 1.2 डिग्री सेल्सियस नीचे) दर्ज किया गया, बटोत में 52.1 मिमी बारिश हुई और न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे 0.5 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 2.6 डिग्री सेल्सियस नीचे) दर्ज किया गया, कटरा में 49.4 मिमी बारिश दर्ज की गई और न्यूनतम तापमान 6.1 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.9 डिग्री सेल्सियस नीचे) दर्ज किया गया, जबकि भद्रवाह में 27.8 मिमी बारिश हुई और न्यूनतम तापमान 0.2 डिग्री सेल्सियस (सामान्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक) दर्ज किया गया।

लद्दाख के लेह और कारगिल में न्यूनतम तापमान क्रमशः शून्य से नीचे 8.0 डिग्री सेल्सियस और शून्य से नीचे 10.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

Related Articles

Back to top button