पूंछ और मूंछ के चक्कर मे फंसे केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, निकल गया वारंट!

भाजपा के वरिष्ठ नेता और केन्द्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर की मुश्किलें बढ़ सकती है। लोकसभा चुनाव के दौरान नरेन्द्र सिंह तोमर की ओर से एक जनसभा में राहुल गांधी के खिलाफ अपशब्द बोलना उन्हें महंगा पड़ गया। टीम पीएम मोदी के धुरंधर खिलाड़ी और देश के कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर कानून के फंदे में बंधते दिखाई दे रहे है। दरअसल देश की कोयला राजधानी के नाम से मशहूर धनबाद की एक अदालत ने उनके खिलाफ गिरफ्तारी का वारंट जारी करने का निर्देश दिया है। ये वारंट उस विवादित बयान का परिणाम है जो उन्होंने तीन साल पहले राहुल गांधी के खिलाफ दिया था।

तारीख 19 जनवरी 2016। जगह धनबाद का न्यू टाउन हॉल। इसी दिन और इसी जगह केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उस समय के कांग्रेस के उपाध्यक्ष रहे राहुल गांधी के खिलाफ एक विवादित बयान दिया था। उन्होंने राहुल गांधी की पीएम मोदी के साथ तुलना करते हुए कहा था, “कांग्रेस के राहुल गांधी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी में उतना ही अंतर है जितना पूंछ के बाल और मूँछ के बाल में होता है।” उनके इस बयान ने उस वक्त मीडिया में खूब सुर्खियां बटोरी थी।

उनके इसी बयान से नाराज धनबाद के एक सामाजिक कार्यकर्ता एमके आजाद ने नरेंद्र सिंह तोमर के खिलाफ धनबाद न्यायालय में एक शिकायत दर्ज की थी । मगर झारखण्ड उच्च न्यायालय ने इस मामले की सुनवाई पर रोक लगा दी थी। दो महीने पूर्व ही इस मामले की सुनवाई से रोक हटी थी। इसके बाद मामले में सुनवाई करते हुए धनबाद न्यायालय ने मंत्री जी को सम्मन जारी किया लेकिन कभी भी माननीय न्यायालय के समक्ष मंत्री जी उपस्थित नहीं हुए। इसके बाद आज राजेश कुमार सिंह की अदालत ने मामले पर सुनवाई करते हुए केंद्रीय मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर के खिलाफ जमानती वारंट जारी करने का आदेश दे दिया।

नेताओ की ओर से विवादित बयानों का सिलसिला कम होता नजर नहीं आ रहा है। कानून लाख डंडे चलाए लेकिन कानून से डरकर नेता अपने विवादित बयानों को बंद नहीं कर पा रहे हैं। चुनावों में बयानबाजी की हद तो हो ही जाती है लेकिन आम दिनों में भी नेता अपने को सुर्खियों में रखने के लिये विवादित बयान देते रहते है। कई नेता तो देश और प्रदेश की राजनीति में केवल बयान बहादुर होने के कारण ही चर्चा में रहते हें।

धनबाद से अशोक कुमार की रिपेार्ट

Related Articles

Back to top button