वाराणसी : घर में सो रहे दो भाइयों पर चाकू से हमला, एक की मौत

वाराणसी। चौबेपुर थाना क्षेत्र के मुरीदपुर गांव में घर के अंदर सो रहे दो किशोरवय भाइयों को बदमाशों ने चाकू से मार कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया। गंभीर अवस्था में दोनों को बीएचयू ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। जहां एक किशोर ने दम तोड़ दिया। वहीं, दूसरे की हालत भी गंभीर बनी हुई है। शनिवार को घटना की जानकारी पाते ही एसएसपी, एसपी (ग्रामीण),सीओ पिंडरा और क्षेत्रीय थानेदार मौके पर पहुंचे। अफसरों ने किशोरों के परिजनों से पूछताछ की। घटना का कारण बच्चों के बीच विवाद और पारिवारिक रंजिश बताई गई।

मुरीदपुर के ग्राम प्रधान और भाजपा नेता शैलेंद्र चौबे के पट्टीदार जयप्रकाश चौबे आजमगढ़ में एक ट्रांसपोर्टर के यहां कार्य करते है। जयप्रकाश की पत्नी रेखा चौबे दिल्ली किसी काम से गई हुई है। घर में जयप्रकाश चौबे के किशोरवय पुत्र अमन चौबे उर्फ सूरज(17) और बादल चौबे (14) के अलावा उनकी वृद्ध मां,पिता राजकिशोर चौबे मौजूद थे। दोनों किशोर वय भाई भोर में नियमित दौड़ने साथ—साथ जाते थे। शुक्रवार की शाम दोनों भाई भोजन करने के बाद घर के गलियारे में चारपाई पर सो रहे थे। भोर लगभग तीन से चार बजे के करीब किसी समय वहां पहुंचे बदमाशों ने दोनों के उपर चाकू से कई बार वार कर दिया। अत्यधिक खून निकलने और गंभीर चोट से दोनों अचेत हो गये। यह देख हमलावर मौके से भाग निकले।
सुबह लगभग पांच बजे दोनों को जगाने के लिए दादी पहुंची तो दोनों को रक्तरंजित देख चीख पड़ी। शोर सुनकर घर में मौजूद दादा और अगल—बगल के लोग भी वहां पहुंचे और दोनों को आनन—फानन में बीएचयू ट्रामा सेंटर पहुंचाया। ट्रामा सेंटर में इलाज के दौरान सुबह अमन चौबे ने दम तोड़ दिया।

इसकी जानकारी होते ही वृद्ध दादा दादी रोने लगे। सूचना पाकर किशोरों के पिता भी आजमगढ़ से और मां दिल्ली से वाराणसी के लिए रवाना हो गईं। किशोरों के रिश्तेदार भी अस्पताल में पहुंच गये। घटना की जानकारी पाते ही पुलिस अफसर गांव में पहुंच गये। मौके पर पुलिस अफसरों के साथ श्वान दस्ते ने भी छानबीन की। छानबीन के दौरान श्वान घटना स्थल से कुछ दूर मकान के पीछे बांस की कोठी तक जाकर रुक गया। बांस की कोठी व दीवाल पर खून लगा देख अनुमान लगाया गया कि हत्यारे यहां खून से सने हाथ को रूक कर पोछे थे। पूछताछ में मृत किशोर के परिजनों ने बताया कि दोनों किशोरों का गांव के ही एक लड़के से विवाद हुआ था। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।

एसएसपी ने छानबीन के बाद जल्द ही इस मामले का खुलासा करने के लिए चौबेपुर पुलिस को निर्देश दिया। एसपी ग्रामीण (एसपीआरए) मार्तण्ड प्रताप सिंह ने बताया कि घटना की छानबीन चल रही है। हमलावरों की गिरफ्तारी कर घटना का जल्द ही पर्दाफाश होगा।

Related Articles

Back to top button