Varanasi Live Murder Video: दिनदहाड़े कॉलोनाइजर को मारी गोली! चलती बाइक पर हुई वारदात..

उत्तर प्रदेश के वाराणसी में गुरुवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात हुई। नकाबपोश बदमाशों ने दिनदहाड़े प्रॉपर्टी डीलर की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना सुबह करीब 9 बजे सारनाथ थाना क्षेत्र में हुई, जब प्रॉपर्टी डीलर बाइक से मोबाइल पर बात करते हुए जा रहे थे। तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनका पीछा किया और ओवरटेक कर फायरिंग शुरू कर दी।

तीन राउंड फायरिंग, मौके पर मौत

बदमाशों ने प्रॉपर्टी डीलर पर तीन राउंड फायरिंग की। एक गोली गर्दन में और दूसरी कनपटी पर लगी, जबकि तीसरी गोली बाइक में जाकर लगी। गोली लगते ही प्रॉपर्टी डीलर सड़क पर गिर पड़े और उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद बदमाश तमंचा लहराते हुए रिंग रोड की तरफ फरार हो गए।

मृतक की पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि

मृतक की पहचान 54 वर्षीय महेंद्र गौतम के रूप में हुई है। वह बुद्धा सिटी के रहने वाले थे और कॉलोनाइजर का काम करते थे। उनके पिता श्यामनाथ गौतम आरटीओ रहे हैं। आय से अधिक संपत्ति के मामले में श्यामनाथ को निलंबित कर जेल भी भेजा गया था, हालांकि बाद में न्यायालय के आदेश पर उनकी बहाली हुई और सोनभद्र से सेवानिवृत्त हुए। महेंद्र अपने परिवार के इकलौते बेटे थे। घर में उनकी पत्नी और 10 साल का बेटा है। बहन की मौत कुछ साल पहले हादसे में हो चुकी है।

CCTV फुटेज में कैद हत्याकांड

मर्डर का 1 मिनट 17 सेकंड का CCTV फुटेज सामने आया है। इसमें दिख रहा है कि महेंद्र गौतम बाइक से जा रहे हैं, तभी पीछे से तीन युवक बाइक पर आते हैं। ओवरटेक करने के बाद दो बदमाश पिस्टल निकालकर फायरिंग करते हैं। गोली लगते ही महेंद्र गिर जाते हैं। इसके बाद हमलावर तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो जाते हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई घटना की कहानी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सुबह 9 बजे महेंद्र बाइक से मोबाइल पर बात करते हुए जा रहे थे। स्पीड ब्रेकर की वजह से उनकी बाइक की गति धीमी हुई, तभी तीन बदमाश वहां पहुंचे और गोली चला दी। गोली मारने के बाद आसपास मौजूद लोगों ने जब उन्हें रोकने की कोशिश की तो बदमाश पिस्टल लहराते हुए भाग निकले। यह घटना उनके ऑफिस से लगभग 150 मीटर पहले हुई।

बड़ी प्रॉपर्टी विवाद में हत्या की आशंका

पुलिस को शक है कि हत्या किसी बड़ी प्रॉपर्टी विवाद से जुड़ी हो सकती है। गोलीबारी की आवाज सुनकर स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने घायल महेंद्र को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पुलिस की कार्रवाई और जांच

घटना की जानकारी मिलते ही डीसीपी प्रमोद कुमार समेत पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। इलाके की घेराबंदी की गई और बदमाशों की तलाश में चेकिंग अभियान शुरू कर दिया गया।

डीसीपी वरुणा ने बताया कि “सुबह महेंद्र गौतम की हत्या की गई है। वह प्रॉपर्टी का काम करते थे। बाइक सवार तीन लोगों ने उन्हें गोली मारी। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की पहचान की जा रही है। जल्द ही मामले का खुलासा किया जाएगा।”

Related Articles

Back to top button