बड़ी खबर: घर में परिवार के 5 लोगों की लाशें मिलने से सनसनी, बेटी-दामाद और पोते समेत सब खत्म

तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। मियापुर थाना क्षेत्र की मक्था महबूबपेट कॉलोनी में एक ही परिवार के पांच सदस्य घर के अंदर मृत पाए गए। मृतकों में पति-पत्नी, उनकी बेटी, दामाद और दो साल का नाती शामिल है। शुरुआती आशंका है कि आर्थिक तंगी और कर्ज के बोझ के चलते परिवार ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या की है। हालांकि, पुलिस हत्या की संभावना से भी इंकार नहीं कर रही और मामले की गहन जांच कर रही है।
मृतकों की पहचान
पुलिस ने मृतकों की पहचान 60 वर्षीय उपारी लक्ष्मय्या, उनकी पत्नी 55 वर्षीय उपारी वेंकटम्म, 24 वर्षीय बेटी कविता, 32 वर्षीय दामाद अनिल और दो साल के नाती अप्पू के रूप में की है। इस घटना ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
पड़ोसियों की सूचना पर खुला मामला
गुरुवार सुबह यह मामला तब सामने आया जब पड़ोसियों ने लंबे समय तक घर से कोई हलचल न होने पर पुलिस को सूचना दी। मियापुर पुलिस तुरंत ही एक सुराग टीम के साथ मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया। घर में सभी पांचों सदस्य मृत मिले।
जहर खाने की आशंका
पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि परिवार ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन किया होगा। हालांकि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि यह आत्महत्या का मामला है या हत्या की साजिश।
कर्ज और आर्थिक तंगी से जूझ रहा था परिवार
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उपारी लक्ष्मय्या पर कर्ज था और परिवार पिछले कुछ समय से गंभीर आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। वर्ष 2019 में यह परिवार हैदराबाद आ गया था और करीब दो साल से मक्था इलाके के किराए के मकान में रह रहा था। पुलिस को शक है कि आर्थिक संकट ही इस त्रासदी की वजह बना।
पुलिस जांच जारी
सभी पांच शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है। पुलिस मामले के हर एंगल से जांच कर रही है और पड़ोसियों व रिश्तेदारों से पूछताछ भी की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा।



