US Warning Leave Iran: हालात बिगड़े, अमेरिका ने नागरिकों को तुरंत ईरान छोड़ने को कहा

ईरान में बिगड़ते हालात के बीच अमेरिका का रेड अलर्ट, नागरिकों को तुरंत देश छोड़ने की चेतावनी इंटरनेट बंदी, फ्लाइट्स कैंसिल और सड़क मार्ग से निकलने की सलाह, दूतावास ने जारी की सख्त एडवाइजरी तनाव के बीच ओमान में अमेरिका-ईरान की सीधी न्यूक्लियर बातचीत, एजेंडे को लेकर अटकी सहमति

Iran news: ईरान में बढ़ते तनाव के बीच अमेरिका ने अपने नागरिकों के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया है। शुक्रवार को ईरान में मौजूद वर्चुअल अमेरिकी दूतावास ने सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि अमेरिकी नागरिक बिना देरी किए ईरान छोड़ दें। दूतावास के मुताबिक, ईरान में सुरक्षा हालात तेजी से बिगड़ रहे हैं। सड़कों पर बंदी, ट्रांसपोर्ट में रुकावट, इंटरनेट पर पाबंदी और अचानक हिंसा भड़कने का खतरा बना हुआ है।

 

इंटरनेट पर सरकारी ‘ताला’, फ्लाइट्स भी कैंसिल

अमेरिकी एडवाइजरी में बताया गया है कि ईरान सरकार मोबाइल और लैंडलाइन इंटरनेट सेवाओं को बार-बार ब्लॉक कर रही है। इसके अलावा कई इंटरनेशनल एयरलाइंस ने ईरान आने-जाने वाली उड़ानों को या तो कम कर दिया है या पूरी तरह रद्द कर दिया है। अमेरिकी नागरिकों को चेतावनी दी गई है कि वे इंटरनेट बंद होने की स्थिति के लिए पहले से तैयार रहें और संपर्क के वैकल्पिक साधन रखें। अगर हालात अनुमति दें, तो सड़क मार्ग से आर्मेनिया या तुर्की की ओर निकलने की सलाह दी गई है।

 

‘सरकारी मदद का इंतजार न करें, खुद बाहर निकलने की तैयारी करें’

अमेरिकी दूतावास ने साफ कहा है कि ईरान छोड़ने की योजना ऐसी होनी चाहिए जिसमें अमेरिकी सरकार की मदद पर निर्भर न रहना पड़े। दूतावास की मुख्य सलाहें इस तरह हैं: फ्लाइट्स कभी भी कैंसिल हो सकती हैं, इसलिए अपनी एयरलाइन से लगातार संपर्क में रहें, अगर बाहर निकलना संभव न हो, तो घर या किसी सुरक्षित बिल्डिंग में ही रहें, खाने-पीने का सामान, पानी और जरूरी दवाइयों का स्टॉक रखें, प्रदर्शनों और भीड़-भाड़ से दूर रहें, लो-प्रोफाइल रखें और फोन चार्ज रखें।

 

दोहरी नागरिकता वालों के लिए बढ़ी मुश्किल

एडवाइजरी में खास तौर पर ड्यूल नेशनलिटी (अमेरिका + ईरान) रखने वालों को लेकर चेतावनी दी गई है। ईरान दोहरी नागरिकता को मान्यता नहीं देता। ऐसे लोगों को ईरानी पासपोर्ट पर ही देश से बाहर निकलना होगा। अमेरिका ने साफ कहा है कि अमेरिकी पासपोर्ट दिखाना या अमेरिका से किसी भी तरह का कनेक्शन गिरफ्तारी की वजह बन सकता है।

 

कौन-कौन से बॉर्डर खुले हैं?

अगर सड़क मार्ग से बाहर निकलना हो, तो अमेरिकी दूतावास ने ये विकल्प बताए हैं: आर्मेनिया: आगरक/नोरदुज बॉर्डर खुला है। अमेरिकी नागरिकों को यहां 180 दिनों तक वीजा-फ्री रहने की अनुमति मिल सकती है। तुर्की: गुरबुलक, कापिकोय और एसेंदेरे बॉर्डर खुले हैं। यहां 90 दिनों तक वीजा-फ्री एंट्री संभव है। तुर्कमेनिस्तान: बॉर्डर खुले हैं, लेकिन एंट्री से पहले स्पेशल परमिशन जरूरी है। इसके लिए अश्गाबात स्थित अमेरिकी दूतावास से संपर्क करना होगा। अजरबैजान: जमीनी बॉर्डर आम लोगों के लिए बंद हैं। सिर्फ आखिरी विकल्प के तौर पर ही इस रास्ते पर विचार करने की सलाह दी गई है।

 

तनाव के बीच ओमान में अमेरिका-ईरान की सीधी बातचीत

एक तरफ जमीन पर हालात तनावपूर्ण हैं, तो दूसरी तरफ कूटनीतिक बातचीत की कोशिश भी जारी है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ और ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराक्ची ओमान की राजधानी मस्कट पहुंच चुके हैं। शुक्रवार को दोनों देशों के बीच न्यूक्लियर डील को लेकर फेस-टू-फेस बातचीत होने वाली है। जून में ईरान के परमाणु ठिकानों पर हुए हमलों के बाद यह पहली सीधी बैठक होगी।

 

बातचीत में कहां फंसा पेंच?

रॉयटर्स के मुताबिक, बातचीत का एजेंडा ही सबसे बड़ा विवाद बना हुआ है। अमेरिका चाहता है कि परमाणु कार्यक्रम के साथ-साथ ईरान के बैलिस्टिक मिसाइल प्रोग्राम और क्षेत्रीय गुटों को दिए जा रहे समर्थन पर भी चर्चा हो। ईरान की मांग है कि बातचीत सिर्फ परमाणु गतिविधियों तक ही सीमित रहे। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बघाई का कहना है कि ईरान सम्मानजनक समझौते के लिए पूरी ताकत से अपनी बात रखेगा। वहीं, अमेरिका ने दोहराया है कि उसके पास “सभी विकल्प खुले” हैं।

Related Articles

Back to top button