UP Crime: जन्मदिन की पार्टी लेने के बहाने से दोस्तों ने बुलाया, फिर होटल में युवती को नशीला पदार्थ देकर किया सामूहिक दुष्कर्म

News Nasha

उत्तर प्रदेश। जन्मदिन की पार्टी लेने के नाम पर युवती को अगवा कर तीन दोस्तों ने उसके साथ गैराज और होटल में सामूहिक दुष्कर्म किया। आरोपियों ने अश्लील वीडियो भी बना ली। दो दिनों तक बंधक रहने के बाद मुक्त हुई युवती वीडियो वायरल करने की उनकी धमकी से इतने गहरे सदमे में आ गई कि तीन दिनों तक परिजनों से अपने साथ हुई दरिंदगी को छिपाए रखा। उसकी लगातार बिगड़ती हालत देख परिजनों ने बार-बार पूछा, तब जाकर 15 अगस्त को उसने आपबीती सुनाई। मां ने 15 अगस्त को केस दर्ज कराया। पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने बताया कि युवती को नशीला पदार्थ देकर दरिंदगी की थी।

19 वर्षीय युवती स्नातक की छात्रा है। 11 अगस्त को उसका जन्मदिन था। शाम को दोस्त शेखर और कृष्ण ने जन्मदिन की पार्टी देने के लिए उसे रेस्तरां पर बुलाया। एफआईआर में बताया गया है कि दोनों दोस्त अर्जुन को साथ लेने के बहाने बाइक पर ले गए। वे तिबड़ा रोड स्थित अर्जुन की गैराज पहुंचे। वहां धोखे से युवती को नशीला पदार्थ खिला दिया।

इसके बाद तीनों ने दुष्कर्म किया और वीडियो बना ली। 12 की सुबह कार से बिजनौर के एक होटल में ले गए। वहां भी दुष्कर्म किया और वीडियो बनाई। इतना ही नहीं, छात्रा को बेरहमी से पीटा भी गया। उसे धमकी दी कि किसी से जिक्र भी किया, तो वीडियो वायरल कर दी जाएगी। सीओ सुनील कुमार सिंह ने बताया कि 15 अगस्त को तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है।

दुष्कर्म के लिए दोस्ती का नाटक:

तीनों आरोपियों शेखर निवासी मेरठ और अर्जुन व कृष्ण निवासी चून्ना भट्टी भूपेंद्रपुरी ने पुलिस पूछताछ में बताया कि उनकी दोस्ती युवती के भाई से थी। उसके घर आना-जाना था। उसकी बहन पर नजर पड़ी, उसके बाद ये घिनौनी साजिश रची। इसी के तहत उससे जान-पहचान बनाई और फिर दोस्ती का नाटक किया। दुष्कर्म की साजिश पहले से तैयार थी, इसके लिए उसका जन्मदिन यानी 11 अगस्त आने का इंतजार कर रहे थे। उन्होंने सोचा था कि युवती डर जाएगी और किसी से नहीं बताएगी। पुलिस ने बताया कि शेखर पर पूर्व में भी एक युवती को अगवा करने का आरोप लगा था। अर्जुन गैराज चलाता है और तीसरे आरोपी कृष्ण पर धोखाधड़ी के आरोप लग चुके हैं।

दस दिन में सामूहिक दुष्कर्म की ये दूसरी घटना:

नगर में दस दिन में यह सामूहिक दुष्कर्म की दूसरी घटना है। इससे पहले छह अगस्त को एक कॉलोनी से मुंह बोले भाई के साथ धार्मिक स्थल गई किशोरी को सात लोगों ने अगवा किया था। दो आरोपियों ने किशोरी के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया था। पुलिस किशोरी के मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है।

युवती की कराई गई काउंसिलिंग:

सामूहिक दुष्कर्म की शिकार युवती गहरे सदमे में है। उसकी काउंसिलिंग कराई गई है। वह कुछ भी खा नहीं रही है। उसे बार-बार घटना याद आ रही है और हर बार वह रो रही है। मां उसे ढांढस बंधा रही है।

Related Articles

Back to top button