कानपुर में दहेज के लिए बहू पर हैवानियत, ससुर ने सड़क तक घसीटकर पीटा
दहेज की मांग ने रिश्तों को बनाया हैवानियत में तब्दील बहू को घर से सड़क तक घसीटकर बेरहमी से पीटा गया वीडियो वायरल होने के बाद हरकत में आई पुलिस

Up news: कानपुर से एक बेहद शर्मनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां दहेज की मांग पूरी न होने पर एक ससुर ने अपनी ही बहू के साथ बर्बरता की सारी हदें पार कर दीं। आरोप है कि महिला को घर से बाहर सड़क तक घसीट-घसीटकर पीटा गया। इस दौरान पीड़िता मदद के लिए चीखती रही, लेकिन आसपास के लोग डर के कारण आगे नहीं आ सके। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
Up news: शादी के बाद शुरू हुआ अत्याचार
जानकारी के मुताबिक, पीड़िता प्रयागराज की रहने वाली है और उसकी शादी साल 2020 में कानपुर के आनंद नगर निवासी हिमांशु दुबे से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान किया जा रहा था। पीड़िता का आरोप है कि 2 बीघा जमीन और 20 लाख रुपये की डिमांड की जा रही थी।
Up news: घर लौटते ही किया हमला
हाल ही में जब महिला अपने मायके से वापस ससुराल लौटी, तो ससुर सुशील दुबे उसे देखते ही भड़क गए। बिना किसी बात के उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी और फिर उस पर हमला बोल दिया। महिला को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीटा गया।
कपड़े फाड़े, सड़क तक घसीटा
पीड़िता का आरोप है कि मारपीट के दौरान उसके कपड़े तक फाड़ दिए गए और बाल पकड़कर उसे घर से बाहर सड़क तक घसीटा गया। इस दौरान वह लगातार मदद की गुहार लगाती रही। जब पड़ोसी और रिश्तेदार बीच-बचाव के लिए आए, तो उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी गई।
Up news: 5 साल की बेटी के सामने हुआ सब कुछ
घटना के वक्त पीड़िता की 5 साल की बेटी भी घर में मौजूद थी, जिसने अपनी मां को इस हालत में देखा। महिला का कहना है कि ससुराल वाले उसकी हत्या की साजिश रच रहे हैं और उसे लगातार प्रताड़ित किया जा रहा है।
पुलिस पर भी उठे सवाल
पीड़िता ने इस मामले की शिकायत पुलिस से की, लेकिन शुरुआत में कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल कर अपनी जान बचाने की गुहार लगाई। वीडियो में वह रोते हुए अपनी आपबीती बता रही है।
ACP के आदेश पर FIR दर्ज
Up news: मामला सामने आने के बाद एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पाण्डेय ने संज्ञान लिया और एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए। पुलिस का कहना है कि वायरल वीडियो के आधार पर जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
यह भी पढ़ें: मुंबई में LPG की कालाबाजारी पर बड़ा एक्शन, 451 सिलेंडर जब्त



