दुनिया ने खोया एक बेहतरीन फुटबालर, सचिन, गांगुली सहित पूरे खेल जगत ने जताया शोक

नई दिल्ली : अर्जेंटीना के दिग्गज फुटबॉलर डिएगो माराडोना के निधन पर पूर्व भारतीय कप्तान सौरव गांगुली और महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर सहित भारतीय खेल जगत ने शोक व्यक्त किया है।

भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) के अध्यक्ष सौरव गांगुली ने ट्वीट किया,‘‘मेरा हीरो नहीं रहा। मेरे पसंदीदा खिलाड़ी को श्रद्धांजलि। मैं आपके लिये फुटबॉल देखता था।’’

गांगुली ने 2017 में कोलकाता में माराडोना के साथ एक चैरिटी मैच भी खेला था।

महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने ट्वीट किया,”फुटबॉल और विश्व खेल जगत ने आज महानतम खिलाड़ियों में से एक खो दिया है, ईश्वर आपकी आत्मा को शांति दे। डिएगो माराडोना आपकी कमी हमेशा खलेगी।’’

भारतीय फुटबॉल महासंघ (एआईएफएफ) के अध्यक्ष प्रफुल्ल पटेल ने ट्वीट किया ,‘‘अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर डिएगो माराडोना फुटबॉल के मैदान पर एक जादूगर की तरह थे। फुटबॉल ने आज एक नगीना खो दिया।उनका नाम फुटबॉल के इतिहास में हमेशा के लिये दर्ज रहेगा।’’

पूर्व भारतीय बल्लेबाज वीवीएस लक्ष्मण ने लिखा,‘‘ खेल के महानायकों में एक एक डिएगो माराडोना का निधन। खेल जगत के लिये दुखद दिन. उनके परिवार , दोस्तों और हितैषियों के प्रति संवेदना।’’

भारत के पूर्व हॉकी कप्तान वीरेन रासकिन्हा ने लिखा,‘‘ तमाम यादों और पागलपन के लिये धन्यवाद।’’ भारत के पूर्व फुटबॉलर आई एम विजयन ने लिखा,‘‘ फुटबॉल के भगवान , भगवान आपकी आत्मा को शांति दे।’’

बता दें कि बुधवार को दिल का दौरा पड़ने से माराडोना का निधन हो गया। उन्हें सबसे महान फुटबॉलरों में से एक माना जाता है। उनका पेशेवर फुटबॉल करियर 21 सालों तक चला। उन्होंने 1986 में अर्जेंटीना को वर्ल्ड कप जिताने में अहम रोल निभाया था।

इस टूर्नामेंट में उनका विश्व प्रसिद्ध गोल भी शामिल है, जिसे “हैंड ऑफ गॉड” के नाम से जाना जाता है। इसी गोल की मदद से अर्जेंटीना ने इंग्लैंड को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया था। माराडोना बोका जूनियर्स, नपोली और बार्सिलोना के लिए क्लब फुटबॉल खेल चुके हैं। दुनिया भर में उनकी बहुत फैन फॉलोइंग रही है। ड्रग्स और शराब की लत के चलते वह कई बार विवादों में भी रह चुके हैं।

Related Articles

Back to top button