शादी कर लौट रहे दूल्हे की कार नदी में गिरी, चार की मौत

कालिम्पोंग, 28 जनवरी-  पश्चिम बंगाल के कालिम्पोंग जिला अंतर्गत मोंगपोंग इलाके में शादी करके लौट रहे दूल्हे एवं बाराती हादसे का शिकार हो गये। दूल्हे की कार अनियंत्रित होकर रुंगडुंग नदी में जा गिरी। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकि छह लोग गंभीर रूप से घायल हैं। घायलों में दूल्हा-दुल्हन भी शामिल हैं। हादसा मोंगपोंग पुलिस चौकी इलाके में राष्ट्रीय राजमार्ग 31 स्थित रुंगडुंग पुल पर हुआ। मृतकों की पहचान साहिल शेख, शुक्ला कुंडू, तिलक मंडल और राजू शेख के रूप में हुई है।

स्थानीय सूत्रों के मुताबिक सिलीगुड़ी निवासी राजेश एक्का शुक्रवार रात शादी कर सुमो कार से दुआर के बानरहाट इलाके से लौट रहे थे। कार में नौ-दस लोग सवार थे। मालबाजार के ओदलाबाड़ी के पास रुंगडुंग में कार ने नियंत्रण खो दिया और पुल के गार्डवॉल से टकरा कर नदी में गिर गई। सूचना मिलने के बाद मोंगपोंग चौकी की पुलिस मौके पर पहुंची। नदी में तलाशी अभियान चलाने पर तिलक मंडल नामक युवक और एक महिला शुक्ला कुंडू की लाशें मिलीं।

पुलिस ने मृतकों व घायलों को रेस्क्यू कर ओदलाबाड़ी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। स्थिति गंभीर होने के कारण घायलों को सिलीगुड़ी ले जाया गया। सिलीगुड़ी ले जाते समय एक और व्यक्ति की मौत हो गई। एंबुलेंस चालक के मुताबिक मृत तीसरे व्यक्ति का नाम साहिल शेख है। वह दुर्घटनाग्रस्त कार का चालक था। कुछ समय बाद हादसे में घायल राजू शेख ने भी दम तोड़ दिया। अन्य घायलों का सिलीगुड़ी के विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों में इलाज चल रहा है।

नवविवाहित जोड़ा राजेश एक्का और पूनम भी हादसे में घायल हैं। उनका इलाज सिलीगुड़ी में चल रहा है। मोंगपोंग पुलिस फाड़ी के ओसी मंगल सिंगलो ने बताया कि दुर्घटना रात करीब एक बजे हुई। देर रात ही घायलों को रेस्क्यू कर ओदलाबाड़ी स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। शनिवार को क्रेन की मदद से कार को उठा लिया गया। दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button